आम आदमी पार्टी को लगा एक और झटका, लोगो बनाने वाले ने कहा, बंद करो इस्तेमाल

ट्विटर से ली गई सुनील लाल की फोटो

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी का लोगो बनाने वाले डिजाइनर सुनील लाल ने अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा है कि इस लोगो का अधिकार अभी भी उनके पास है और वह चाहता है कि पार्टी इसका इस्तेमाल बंद कर दे।
 

सुनील ने अपने फेसबुक पर लिखा है, 'वालंटियर भाइयों आपका सदुपयोग सत्ता पाने के लिए हो चुका है। खबरदार अगर आगे आये तो, आपके पैसे से ही बुलाये गए AAP BRAND (PRIVATE) गुंडों से ही आपको ठिकाने लगाया जाएगा अब। दुनियाभर के मंदबुद्धि AAP अंधभक्तों द्वारा दिए गए चंदे का बेहतरीन सदुपयोग। तरस आता है अब तो अंधभक्तों पर...

सुनील लाल से बात करने पर उन्होंने एनडीटीवी से कहा कि इस लोगो का कभी भी कोई कॉपीराइट नहीं लिया गया था। इसे 13 जुलाई 2013 को अरविंद केजरीवाल को दिया गया था। उनका यह भी दावा है कि इसका डिजाइन काफी पहले तैयार कर लिया गया था।

लाल का कहना है कि उन्होंने बतौर स्वयंसेवक अन्ना आंदोलन के समय से भ्रष्टाचार के विरोध में अपनी ओर से योगदान दिया। उनका कहना है कि उन्होंने अन्ना आंदोलन के समय से पोस्टर बैनर और आंदोलन के प्रोमोशन का काम किया और बाद में पार्टी के लिए भी यही काम करने लगे।

उन्होंने एनडीटीवीखबर.कॉम से बात करते हुए कहा है कि अन्य पार्टी या नेताओं की तरह यह पार्टी हो जाए तो क्या फर्क रहा। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सीधा हमला करते हुए कहा कि हम एक आदमी की सनक का स्वराज नहीं चाहते।

पार्टी की ओर से अपनी चिट्ठी पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं मिलने की बात कहते हुए उनका कहना है कि अभी तक मीडिया की ओर से ही उन्हें संपर्क किया जा रहा है। पार्टी के किसी भी नेता ने उनसे बात नहीं की है। उन्होंने यह भी बताया कि मयंक गांधी जी के सामने यह लोगो उन्होंने अरविंद केजरीवाल को दिया था।

सुनील लाल ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से पहले ही इस्तीफा दे दिया है। वह आईएसी (इंडिया अगेंस्ट करप्शन) से जुड़ा हुआ था।

जब एनडीटीवी ने मयंक गांधी जी से इस बारे में संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं उत्तर प्रदेश के सुनील लाल ने यह लोगो डिजाइन किया था, लेकिन ऐसी दी हुई चीज को वापस मांगना ठीक बात नहीं है।

इधर, आप पार्टी के नेता आशुतोष ने इस खबर पर प्रतिक्रिया में सिर्फ इतना कहा है कि दान दी हुई चीज वापस नहीं ली जाती है। उन्होंने न स्वीकार किया और न अस्वीकार कि यह लोगो सुनील ने दिया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उल्लेखनीय है कि पार्टी के तमाम जुझारू कार्यकर्ता आजकल पार्टी के भीतरी क्रियाकलापों से नाराज चल रहे हैं। नाराजगी का आलम यह है कि पार्टी के अन्य समर्थक, जिन्होंने अरविंद केजरीवाल को ब्लू वैगन-आर कार दान में दी थी, उन्होंने भी अपना दान वापस मांगा है। वहीं, जब इस खबर पर आम आदमी पार्टी से प्रतिक्रिया मांगी गई थी तब एक पार्टी नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी जाएगी। दरअसल, लंदन में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुंदन शर्मा ने आप पार्टी को यह कार दान में दी थी और अब उन्होंने ट्वीट के जरिये अपनी नाराजगी जताते हुए अपनी मांग सामने रखी।
 

नीचे पढ़े सुनील लाल की अरविंद केजरीवाल को लिखी पूरी चिट्ठी

 

 
 
 

 

(मुंबई से प्रसाद काथे और दिल्ली से शरद शर्मा और लखनऊ से कमाल खान के इनपुट के साथ)