देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामलों में शनिवार को कल की तुलना में कमी देखी गई. भारत में आज कोरोना के 38 हजार से ज्यादा नए मामले आए हैं जबकि पिछले कुछ दिनोें से यह आंकड़ा 40 हजार के पार था. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 38,628 नए मामले दर्ज किए गए हैं जबकि इस दौरान, 617 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है. देश में अब तक लोगों को वैक्सीन की 50 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी है.
देश में अब तक 3,10,55,861 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं. मौजूदा समय में रिकवरी रेट 97.37 फीसदी है. बीते 24 घंटों में 40,017 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं. कोरोना के एक्टिव केस भी देश में घट गए हैं. फिलहाल, भारत में 4,12,153 मरीजों का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.29 प्रतिशत है.
संक्रमण दर यानी पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो देश में साप्ताहिक संक्रमण दर 2.39 प्रतिशत है जबकि दैनिक आधार पर पॉजिटिविटी रेट 2.21 फीसदी है, जो पिछले 12 दिनों से तीन प्रतिशत के नीचे है.