देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के नए मामलों में भले ही पिछले कुछ दिनों से कमी देखने को मिल रही हो, लेकिन महामारी से होने वाली मौतें अब भी चिंता का विषय बनी हुई है. भारत में पिछले 24 घंटे में 4329 मरीजों की COVID संक्रमण की वजह से मौत हुई है. यह एक दिन में मौतों का सबसे ज्यादा आंकड़ा है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में कोरोना के 2,63,533 नए मामले सामने आए हैं. इससे पहले, सोमवार को 2.81 से ज्यादा नए मामले आए थे.
देश में कोरोना संक्रमितों की कुल तादाद बढ़कर ढाई करोड़ से ऊपर (2,52,28,996) हो गई है. वहीं, 2,78,719 लोग अब तक घातक वायरस के चलते अपनी जान गंवा चुके हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 4,22,436 मरीज कोरोना संक्रमण से उभरने में कामयाब रहे हैं जबकि अब तक कुल 2,15,96,512 लोगों ने संक्रमण पर जीत पाई गई है. पिछले 24 घंटे में नए मामलों के मुकाबले ठीक हुए मरीजों की संख्या अधिक होने से एक्टिव मरीजों की संख्या में काफी कमी आई है. देश में एक्टिव मरीज घटकर 33,53,765 रह गए हैं.
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी.वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख रहे और 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार चले गए थे और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए.