विज्ञापन
This Article is From Aug 21, 2020

भारत ने बनाया कोरोना से रिकवरी का रिकॉर्ड, 24 घंटे में दुनिया में सबसे ज़्यादा 62,000 मरीज़ हुए ठीक

पिछले 24 घंटे में 983 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 54,849 हो गई है. संक्रमण से मृत्यु दर गिरकर 1.89 प्रतिशत हो गई है और मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 74.30 प्रतिशत पहुंच गई.

भारत ने बनाया कोरोना से रिकवरी का रिकॉर्ड, 24 घंटे में दुनिया में सबसे ज़्यादा 62,000 मरीज़ हुए ठीक
पिछले 24 घंटे में 62 हजार 282 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हुए.
नई दिल्ली:

भारत में कोरोनावायरस (Coronavirus In India ) के लगातार बढ़ते मामलों को बीच एक अच्छी खबर भी आई. अभी तक कोरोना संकट के दौर में कभी एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज मिलने या एक दिन में सबसे ज्यादा मौतों का ही रिकॉर्ड बनने के आंकड़े सामने आ रहे हैं. लेकिन अब कोरोना को मात देने वाले लोगों के आंकड़े भी दिन प्रतिदिन नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. भारत सरकार के आंकड़ों के मुताबिक देश ने एक दिन में कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या का नया रिकॉर्ड बनाया है. पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना का इलाज करा रहे 62 हजार 282 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है. जो कि दुनियाभर में एक दिन में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की अभी तक की सबसे अधिक संख्या है. पिछले दिनों 17 अगस्त को जानकारी मिली थी कि पिछले 24 घंटे में में 57,584 मरीजों ने कोरोना को मात दी है, इससे पहले 12 अगस्त को एक दिन में रिकॉर्ड 56,110 मरीज ठीक होने का आंकड़ा सामने आया था. 

देश में अब तक कोरोना से ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा 21.5 लाख के पार पहुंच गया है. पिछले 24 घंटे में  भारत में कोविड-19 के 68,898 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले शुक्रवार को 29 लाख के पार पहुंच गए. हालांकि देश में मरीजों के ठीक होने की दर 74 प्रतिशत से अधिक है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल 29,05,823 मामले हैं. 

Covid-19 वैक्सीन के प्रोडक्शन के लिए भारत से पार्टनरशिप करना चाहता है रूस: अधिकारी

वहीं पिछले 24 घंटे में 983 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 54,849 हो गई है. संक्रमण से मृत्यु दर गिरकर 1.89 प्रतिशत हो गई है और मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 74.30 प्रतिशत पहुंच गई. आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 6,92,028 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो अब तक आए कुल मामलों का 23.82 प्रतिशत है. 

भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख के पार पहुंच गए थे. भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 20 अगस्त तक कुल 3,34,67,237 नमूनों की कोविड-19 के लिए जांच की गई, जिनमें से 8,05,985 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को ही की गई.

महाराष्ट्र में 107 साल की महिला ने दी कोरोना वायरस को शिकस्त, अस्पताल ने गर्मजोशी से किया विदा

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 983 लोगों की जान गई, उनमें से सबसे अधिक 326 लोग महाराष्ट्र के थे. इसके बाद तमिलनाडु के 116, कर्नाटक के 102, आंध्र प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश के 95-95, पश्चिम बंगाल के 53, पंजाब के 36, दिल्ली के 22, गुजरात के 16, मध्य प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के 12-12 लोग हैं.

इसके अलावा झारखंड, केरल तथा उत्तराखंड में नौ-नौ, असम, ओडिशा, तेलंगाना तथा पुडुचेरी में आठ-आठ, छत्तीसगढ़ में सात, जम्मू-कश्मीर में छह, बिहार में पांच, हिमाचल प्रदेश तथा त्रिपुरा में चार-चार, गोवा में दो और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में एक व्यक्ति की जान गई.

मंत्रालय ने बताया कि अब तक देश में कोविड-19 से हुई कुल 54,849 मौतों में सबसे अधिक महाराष्ट्र में 21,359 लोगों की जान गई है. इसके अलावा तमिलनाडु में 6,239, कर्नाटक में 4,429, दिल्ली में 4,257, आंध्र प्रदेश में 3,001, गुजरात में 2,853, उत्तर प्रदेश में 2,733, पश्चिम बंगाल में 2,634 और मध्य प्रदेश में 1,171 लोगों की मौत कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से हुई है.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पंजाब में 957, राजस्थान में 921, तेलंगाना में 737, जम्मू-कश्मीर में 578, हरियाणा में 578, बिहार में 492, ओडिशा में 380, झारखंड में 286, असम में 221, केरल में 191 और उत्तराखंड में 187 लोगों की जान कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से गई.

छत्तीसगढ़ में 168, पुडुचेरी में 137, गोवा में 126, त्रिपुरा में 69, चंडीगढ़ में 31, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 31, हिमाचल प्रदेश में 23, मणिपुर में 18, लद्दाख में 18, नगालैंड में आठ, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, सिक्किम में तीन, दादरा एवं नगर हवेली एवं दमन-दीव में दो मरीजों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण के कारण मरने वाले 70 प्रतिशत से अधिक लोगों को पहले से भी कोई बीमारी थी. उसने कहा कि उसके आंकड़े भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के आंकड़ों से मिलाए जा रहे हैं.

(इनपुट एजेंसी भाषा से भी)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coronavirus, Coronavirus In India, Coronavirus India Update, Coronavirus Recoveries In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com