यह ख़बर 01 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राजनाथ के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया

नई दिल्ली:

राहुल गांधी के आवास के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के एक दिन बाद आज कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने राजनाथ सिंह के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया और इनमें से कुछ को उस समय हिरासत में लिया गया जब वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आधिकारिक आवास की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि भाजपा में भ्रष्टाचार है और दूसरों पर आरोप लगाने से पहले पार्टी अपना दामन साफ करे।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए काफी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था और अवरोधक लगाए गए थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर स्पष्टीकरण की मांग की थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने वीरभद्र सिंह के इस्तीफे की मांग भी की थी।