विज्ञापन
This Article is From Jan 03, 2013

उत्तर भारत में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड

Quick Reads
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली समेत संपूर्ण उत्तर व मध्य भारत में सर्द हवाओं और कोहरे ने कंपकपी बढ़ा दी है। नई दिल्ली में गुरुवार की सुबह ठंड और कोहरे का असर विमान और रेल सेवाओं पर भी देखा गया।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली समेत संपूर्ण उत्तर व मध्य भारत में सर्द हवाओं और कोहरे ने कंपकपी बढ़ा दी है। नई दिल्ली में गुरुवार की सुबह ठंड और कोहरे का असर विमान और रेल सेवाओं पर भी देखा गया। उत्तर रेलवे ने 21 यात्री गाड़ियों के देरी से चलने और दो को निरस्त किए जाने की जानकारी दी है।

सुबह में दृश्यता न्यून रहने के कारण पांच विमान देरी से उड़ान भर सके। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, प्रात: 8.30 बजे दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

देश के उत्तरी राज्यों पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप जारी है। हिमाचल में पारा शून्य से नीचे चले जाने की जानकारी मिली है। बिहार के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बावजूद सर्दी से राहत नहीं मिलने की खबर है। उत्तर प्रदेश से शीत लहर और कोहरे का प्रकोप जारी रहने की जानकारी मिली है। मध्य प्रदेश में उत्तर की सर्द हवाओं का असर ठिठुरन के रूप में देखा जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी है। रात में संपूर्ण घाटी और लद्दाख क्षेत्र में पारा शून्य से नीचे रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शीत लहर के और तेज होने की जानकारी दी है। एक अधिकारी ने कहा कि मौसम शुष्क और रात में आसमान साफ रहने के कारण आने वाले दिनों में सर्दी और तेज होगी। गुरुवार को श्रीनगर का तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे और राज्य के पर्यटक केंद्रों पहलगाम, गुलमर्ग और लेह में भी तापमान शून्य से काफी नीचे रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में ठंड अपने चरम पर है। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे गिरकर 4.4 पर पहुंच गया। राष्ट्रीय राजधानी में ठंड ने बीते 44 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शाम में ठंडी हवाओं का असर बने रहने और सर्दी बढ़ने का अनुमान जताया है।

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर जारी है। गुरुवार को हरियाणा में नारनौल में सबसे कम 0.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चण्डीगढ़ मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार से कुछ स्थानों के न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हुई है, लेकिन पूरे पंजाब और हरियाणा में कोहरे के साथ शीतलहर का दौर जारी है।

हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम शुष्क रहा। केलांग में तापमान शून्य से 9.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति, कुल्लू और चम्बा जिले के सभी कबायली इलाकों में अत्यधिक ठंड महसूस की गई जहां तापमान शून्य से 10 से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

बिहार में राजधानी पटना सहित अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने के बावजूद सर्द हवाओं के असर से प्रदेश में कड़ाके की ठंड से कोई राहत नहीं है। आसमान पर हल्के बादल छाए रहने से न्यूनतम तामपान में वृद्धि हुई है।

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की उम्मीद है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक कोहरे के कारण चार जनवरी से 17 जनवरी तक 41 रेलगाड़ियों का परिचालन निरस्त करने का फैसला किया गया है। गोमती एक्सप्रेस 15 घंटे शताब्दी एक्सप्रेस करीब पांच घंटे, हिमगिरी, गोरखधाम, गरीब रथ, गरीबनवाज, पंजाब मेल, श्रमजीवी और काशी विश्वनाथ अपने नियत समय से घंटों की देरी से चल रही हैं।

मध्य प्रदेश में उत्तर से आती ठंडी हवाओं के कारण तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। धुंध का असर बने रहने से ठंड अपना असर बनाए हुए है। राज्य में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। तापमान में लगातार गिरावट का सिलसिला जारी है। आसमान पर बादलों का डेरा रहने के कारण धूप से अधिक राहत नहीं मिल पा रही है। राज्य में सबसे ज्यादा ठंडे टीकमगढ़ व गुना जिले रहे, जहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दिल्ली, ठंड का रिकॉर्ड, Delhi, Cold Wave Record
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com