विज्ञापन
This Article is From Jan 05, 2011

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, 12 और मरे

यूपी समेत उत्तर भारत में ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट होने और बर्फीली हवा चलने से लोग हांड़ कंपा देने वाली सर्दी से जूझ रहे हैं।
New Delhi: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट होने और बर्फीली हवा चलने से लोग हांड़ कंपा देने वाली सर्दी से जूझ रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में 12 और लोगों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रतापगढ़ में सात, बाराबंकी में तीन तथा जौनपुर और देवरिया में एक-एक व्यक्ति की ठंड से मृत्यु होने की खबर है। इसके साथ ही राज्य में इस मौसम में ठंड से मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। उत्तर प्रदेश का चुर्क 2.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। कानपुर में तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी कड़ाके की सर्दी की गिरफ्त में हैं, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे यानी 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। जम्मू-कश्मीर में लद्दाख सहित कश्मीर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान और गिरने से ठंड और बढ़ गई है। लेह में पारा शून्य से 23 डिग्री नीचे चला गया है, जो कि कश्मीर क्षेत्र में सबसे कम है। श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री गिरकर शून्य से 5.4 डिग्री नीचे पहुंच गया। कारगिल में सबसे ठंडी रात रही, क्योंकि यहां न्यूनतम तापमान लगातार दूसरी रात शून्य से 18 डिग्री नीचे रहा। कश्मीर घाटी के दक्षिण क्षेत्र स्थित पर्यटक स्थल पहलगाम में न्यनतम तापमान शून्य से 11.9 डिग्री नीचे दर्ज की गई, जो कि मंगलवार के मुकाबले चार डिग्री कम है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
लेखक के बारे में
img
Bhasha
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ठंड, उत्तर भारत, सर्दी, शीत लहर
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com