यह ख़बर 26 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पांडिचेरी में क्लोरीन गैस के रिसाव से 300 बीमार

खास बातें

  • पांडिचेरी में चेमफैब अल्कलीज संयंत्र की फैक्ट्री से क्लोरीन गैस के रिसाव के कारण आस-पास रहने वाले कम से कम 300 लोग बीमार हो गए।
चेन्नई:

पांडिचेरी में चेमफैब अल्कलीज लिमिटेड संयंत्र की फैक्ट्री से बुधवार को क्लोरीन गैस के रिसाव के कारण आस-पास रहने वाले कम से कम 300 लोग बीमार हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंदिरा गांधी सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने पांडिचेरी से फोन पर बताया, "अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में से किसी की हालत गंभीर नहीं है। बुधवार दोपहर तक लगभग 70 लोग भर्ती किए गए। अब लगभग 300 लोग भर्ती हो चुके हैं। इनमें से करीब 250 लोगों को बाद में छुट्टी दे दी जाएगी। हम उनकी हालत की समीक्षा करेंगे।" संघ शासित प्रदेश के प्रशासन ने फैक्ट्री को तत्काल बंद करने का आदेश दिया है। पांडिचेरी के जिलाधिकारी राकेश चंद्र ने कहा, "सुबह करीब 7.30 बजे फैक्ट्री के कर्मचारी 900 किलोग्राम के सिलेंडरों में क्लोरीन गैस भर रहे थे। एक सिलेंडर में से गैस का रिसाव हुआ। गैस हवा में मिलकर निकटवर्ती गांव तक फैल गई। लोगों ने उल्टी होने और असहज महसूस करने की शिकायत की।" उनके अनुसार गैस के रिसाव से चेमफैब फैक्ट्री में मौजूद 300 कर्मचारी प्रभावित नहीं हुए, क्योंकि गैस हवा में घुलकर बाहर निकल गई। कुल 87.29 करोड़ रुपये का कारोबार करने वाली चेम्सफैब अल्कली फैक्ट्री में कास्टिक सोडा, द्रव क्लोरीन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, सोडियम हाइड्रोक्लोराइट, हाइड्रोजन गैस तथा बेरियम सल्फेट का उत्पादन होता है। पांडिचेरी प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती लोगों की संख्या 30 बताई है, जिनमें से तीन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। कालापेट थाने के अधिकारियों के अनुसार लगभग 70 लोग स्पताल में भर्ती हैं। चंद्रा ने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा सम्भवत: गुरुवार को की जाएगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com