विज्ञापन
This Article is From Dec 20, 2019

CAA Protest: कहीं पुलिस पर पथराव तो कहीं प्रदर्शनकारियों पर बरसी लाठियां, 10 बड़ी बातें

संशोधित नागरिकता कानून (Citizenship Amendment Act) के विरोध में देश के अनेक हिस्सों में हो रहे हिंसक विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षाबलों को शुक्रवार को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

CAA Protest: कहीं पुलिस पर पथराव तो कहीं प्रदर्शनकारियों पर बरसी लाठियां, 10 बड़ी बातें
नई दिल्ली:
  1. लाल किले के निकट बृहस्पतिवार से ही सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू है, यानी वहां चार या इससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध है. पुलिस ने कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन विमानों का इस्तेमाल कर रही है. वहीं, पुरानी दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है.
  2. उल्लेखनीय है कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए छात्रों, कार्यकर्ताओं और विपक्ष के नेताओं समेत हजारों की संख्या में लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किए, वहीं कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं. कई यातायात प्रतिबंधों के कारण शहर में यातायात प्रभावित हुआ था.
  3. उत्तर प्रदेश में मोबाइल इंटरनेट और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं. एक अधिकारी के मुताबिक उत्तर-पूर्वी दिल्ली में शुक्रवार को 12 पुलिस थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू की गई है और इन क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला जहां तीन दिन पहले संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी थी. पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में गुरुवार को संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सरकारी आदेश से जिले में इंटरनेट सेवाएं आधी रात के बाद अगले आदेशों तक बंद कर दी गई हैं. 
  4. केरल में भी पुलिस को उत्तरी जिलों में निगाह बनाए रखने का निर्देश दिया गया है. आधिकारिक बयान के अनुसार गुरुवार रात जारी अलर्ट में केरल के पुलिस महानिदेशक डी लोकनाथ बेहरा ने बलों को उच्च अलर्ट पर रहने को कहा, खासतौर पर वायनाड, कोझिकोड, कासरगोड और कन्नूर में.
  5. वहीं, पुलिस ने कहा था कि गुरुवार को कर्नाटक में सीएए के खिलाफ प्रदर्शनों में पुलिस की गोलीबारी में घायल हुए दो लोगों की मौत हो गई. सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों ने कोझिकोड के कुछ हिस्सों में कर्नाटक आरटीसी बसों को भी रोका और मंगलुरु पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ नारे लगाए.
  6. कोझिकोड में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों को अवरुद्ध किया और टायर जलाए, जबकि अन्य कार्यकर्ताओं ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला जलाया. केरल सड़क परिवहन निगम ने कर्नाटक के मंगलुरु तक बस सेवा निलंबित कर दी है. राज्य परिवहन मंत्री ए के शशींद्रन ने संवाददताओं से कहा कि स्थिति नियंत्रण में आने के बाद ही सेवाएं बहाल की जाएंगी.
  7. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान दो लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को लोगों से अपील की कि वे अफवाह फैलाने वाले निहित स्वार्थी तत्वों से बचकर रहें. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है. राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार रात मंगलुरु सिटी और दक्षिण कन्नड़ जिला क्षेत्रों में अगले 48 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश जारी किया था.
  8. उधर, असम में शुक्रवार को मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई. संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर 10 दिन पहले यहां इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई थी. गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तक इंटरनेट सेवा बहाल करने का आदेश दिया था लेकिन राज्य सरकार ने मोबाइल इंटरनेट प्रदाताओं को अदालत का आदेश लागू करने का कोई निर्देश जारी नहीं किया था.
  9. अलीगढ़ में पिछले कई दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन और शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है. जिले में इंटरनेट पर लगी रोक आज पांचवें दिन भी जारी है. इससे कारोबार और बैंकिंग सेवाएं में खासी प्रभावित हुई हैं. अधिकारियों का कहना है कि आज जुमे की नमाज में लोगों की भीड़ एकत्र होने के मद्देनजर कड़ी चौकसी बरती जा रही है.
  10. पश्चिम बंगाल में स्थिति शांतिपूर्ण है और संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में शुक्रवार को हिंसा की कोई ताजा घटना होने की सूचना नहीं है. शुक्रवार दोपहर एक खास समुदाय के धार्मिक जमावड़े को देखते हुए राज्य के कई हिस्सों में सतर्कता बढ़ा दी गई है.


(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CAA Protest, Citizenship Amendment Act, Protest Against Citizenship
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com