विज्ञापन
This Article is From Jan 08, 2011

गुवाहाटी में भाजपा कार्यकारिणी की बैठक

इसमें पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी, लालकृष्ण आडवाणी सहित अन्य नेता शामिल हैं। बैठक में सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और नरेंद्र मोदी शामिल हैं।
गुवाहाटी: असम की राजधानी गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार सुबह शुरू हो गई। इसमें पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित अन्य नेता भी शामिल हुए। दो दिवसीय बैठक की शुरुआत सुबह 11.30 बजे हुई। बैठक में शामिल होने वालों में लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय बैठक गुवाहाटी के एक होटल में हो रही है। इस बैठक में भाजपा शासित सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा लगभग 350 नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है।बैठक में भ्रष्टाचार और महंगाई के मुद्दे पर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को घेरा जाएगा। हालांकि समझौता एक्सप्रेस विस्फोट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता स्वामी असीमानंद द्वारा अपनी भूमिका स्वीकार कर लिए जाने के बाद पार्टी में कुछ निराशा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रविशंकर प्रसाद ने बताया, "कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के आखिर में हम तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव लाने जा रहे हैं, जिनमें राजीतिक, आर्थिक और विशेष तौर पर पूर्वोत्तर का एक मुद्दा शामिल होगा।" उन्होंने कहा, "राजनीतिक प्रस्ताव 2 जी स्पेक्ट्रम, राष्ट्रमंडल खेलों से संबद्ध भ्रष्टाचार एवं घोटाले, आदर्श सोसाइटी घोटाला और असम के कछार पहाड़ी क्षेत्र में हुए 1,000 करोड़ का घोटाला शामिल होगा।" असीमानंद द्वारा समझौता एक्सप्रेस विस्फोट में अपनी भूमिका स्वीकार कर लिए जाने के मामले में रविशंकर ने कहा कि इसमें कुछ नहीं है। संप्रग सरकार सीबीआई का दुरुपयोग करने का प्रयास कर रही है और आरएसएस को झूठा फंसा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार और महंगाई से आम जनता का ध्यान हटाने के लिए यह रणनीति अपना रही है। भाजपा के आर्थिक प्रस्ताव में मुख्य रूप से बढ़ती मंहगाई, सुरक्षा संबंधी चिंताएं, बांग्लादेश की तरफ से होने वाली घुसपैठ का मुद्दा छाया रहेगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गुवाहाटी से लोकसभा सदस्य बिजॉय चक्रवर्ती ने कहा, "बांग्लादेश की तरफ से होने वाली घुसपैठ केवल असम की ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय समस्या है।" भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विजय गोयल ने कहा, "राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के तहत रविवार को सार्वजनिक रैली का आयोजन किया गया है, जिसमें 50,000 से अधिक समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है। इस रैली को आडवाणी, नरेंद्र मोदी और नीतिन गडकरी के अलावा अन्य नेता भी संबोधित करेंगे।"
लेखक के बारे में
img
Indo Asian News Service
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भाजपा, कार्यकारिणी, गुवाहाटी, बैठक
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com