यह ख़बर 21 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

बीजेपी, 'आप' हमें सत्ता से दूर रखने के लिए साथ काम कर रही है : कांग्रेस

नई दिल्ली:

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उसे सत्ता से दूर रखने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) और बीजेपी के बीच एक समझौता हुआ है। कांग्रेस ने दोनों पार्टियों के खिलाफ एक अभियान शुरू किया।

कांग्रेस महासचिव एवं दिल्ली मामलों के प्रभारी शकील अहमद ने कहा, दिल्ली में कांग्रेस की सरकार के दौरान हुए समग्र विकास की बदौलत पार्टी का दिल्ली की सत्ता में आना तय था, लेकिन भयभीत बीजेपी ने इसे भांपकर 'अरविंद केजरीवाल प्राइवेट लिमिटेड' के साथ न केवल सहमति बनाई, बल्कि उसके साथ एक समझौता भी किया।

शकील अहमद बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी की जयंती पर उत्तर दिल्ली के जहांगीरपुरी क्षेत्र स्थित एक पुनर्वास कॉलोनी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस ने इस मौके पर भाजपा और आप के खिलाफ एक ‘जन जागरण अभियान’ शुरू किया।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता जन जागरण अभियान के तहत करीब एक दर्जन बड़ी सभाएं करेंगे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा, दिल्ली में सरकार बनाने में विफल बीजेपी अब आगामी चुनाव में सत्ता में आने के प्रयास में केजरीवाल के साथ गुप्त समझौता कर रही है। कांग्रेस दोनों पार्टियों के इस अवसरवाद को बेनकाब करेगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com