विज्ञापन
This Article is From Jun 20, 2016

बिहार टॉपर्स घोटाला: पत्नी के साथ बनारस में छिपा था मास्टरमाइंड, दोनों गिरफ्तार

बिहार टॉपर्स घोटाला: पत्नी के साथ बनारस में छिपा था मास्टरमाइंड, दोनों गिरफ्तार
लालकेश्वर प्रसाद सिंह
पटना: हाल के दिनों में बेहद चर्चा में रहे बिहार रिजल्ट फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड लालकेश्वर प्रसाद सिंह को उनकी पत्नी ऊषा सिन्हा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जांच के लिए बनी एसआईटी की टीम ने दोनों को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। लालकेश्वर प्रसाद रिजल्ट फर्जीवाड़े के समय बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड के अध्यक्ष थे। पटना एसपी मनु महाराज ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

लालकेश्वर प्रसाद टॉपर घोटाले के मुख्य आरोपी हैं और मामला उजागर होते ही बोर्ड अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर वह अंडरग्राउंड हो गए थे। मामले में उनका नाम सामने आने के बाद एक सप्ताह पहले पटना की एक अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

सिंह की पत्नी ऊषा सिन्हा भी घोटाले में अपना नाम आने के बाद से फरार थीं। वह जेडीयू की विधायक रह चुकी हैं। मामला सामने आने के बाद उसे पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस बीच इस मामले के दूसरे आरोपी बच्चा राय के बिशुन राय कॉलेज पर रविवार को एसआईटी ने छापा मारा, इस दौरान कॉलेज के दफ्तर से देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बच्चा राय को 11 जून को गिरफ्तार किया गया था।

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लालकेश्वर प्रसाद, बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड, बिहार रिजल्ट फर्जीवाड़ा, Bihar Result Scam, Bihar School Examination Board
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com