बिहार : 'दुखी' नीतीश कुमार ने नहीं मनाई होली, जानें क्यों?

फाइल फोटो

पटना:

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता राम सुंदर दास के निधन के मद्देनजर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होली नहीं मना रहे हैं।

एक अधिकारी ने कहा, 'नीतीश कुमार ने दास के निधन के मद्देजनर होली नहीं मनाने का फैसला लिया है।' अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक निवास पर होली समारोह के तय कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया है। उन्होंने हालांकि राज्य के लोगों को होली की शुभकामनाएं दी और अपील की कि वे प्रेम और भाईचारे के साथ इस त्यौहार का जश्न मनाएं।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सत्ताधारी जनता दल (यूनाइटेड) के नेता राम सुंदर दास का शुक्रवार को 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, दास ने शुक्रवार तड़के पटना मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली। उनके दो बेटे और एक बेटी है। कुछ वर्ष पहले उनकी पत्नी का भी देहांत हो गया था।

दास के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में दास को जब उम्र संबंधी बीमारियों के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया उसके पहले तक वह राजनीति में सक्रिय थे।

दास खुद किसी जगह पर बिना किसी सहारे के आ-जा नहीं सकते थे। उन्होंने 2014 में लोक जनशक्ति पार्टी के मुखिया राम विलास पासवान के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे।  वह जनता पार्टी की सरकार में 1979 में बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। दास एक दलित नेता थे। वह 70 साल की उम्र में 1991 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं दूसरी ओर बिहार में सैकड़ों लोग राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू यादव को याद कर रहे हैं। लालू को कपड़ाफाड़ होली के लिए जाना जाता है और उनके राज्य में न होने से लोग नाखुश हैं। राजद के एक नेता ने कहा कि चूंकि लालू इस होली पर दिल्ली में हैं इसलिए राज्य की जनता उन्हें याद कर रही है।