Click to Expand & Play
नई दिल्ली:
ऐसी अटकलें तेज हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न मिल सकता है।
गृह मंत्रालय द्वारा रिजर्व बैंक के टकसाल को पांच भारत रत्न पदकों का ऑर्डर दिए जाने से ये अटकलें बढी हैं। भाजपा नेता पहले भी अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग उठाते रहे हैं।
भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के प्रमुख नरेंद्र मोदी संभवत: इस बारे में फैसला कर सकते हैं और अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में इसकी घोषणा कर सकते हैं। भारत रत्न के लिए जिन अन्य लोगों के नामों की चर्चा चल रही है उनमें सुभाष चंद्र बोस शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चार दिन पहले सरकारी टकसाल को भारत रत्न के लिए पांच पदक तैयार करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि पांच पदक का ऑर्डर दिए जाने का मतलब यह नहीं है कि पांच व्यक्तियों को भारत रत्न दिया जाएगा। यह पर्याप्त संख्या में पदक सुरक्षित रखने के लिए है।
इसके अलावा, भारत रत्न के लिए सरकार के नियम स्पष्ट है कि वार्षिक पुरस्कारों की संख्या किसी खास वर्ष में अधिकतम तीन तक सीमित है।
भारत रत्न के लिए अनुशंसा प्रधानमंत्री द्वारा खुद राष्ट्रपति से की जाती है। इसके लिए कोई औपचारिक अनुशंसा की जरूरत नहीं होती।