विज्ञापन
This Article is From Oct 11, 2014

हुदहुद चक्रवात ने पकड़ी तेजी, आंध्र, ओड़िशा तट पर पहुंचेगा रविवार को, दो लाख लोगों को हटाया गया

हुदहुद चक्रवात ने पकड़ी तेजी, आंध्र, ओड़िशा तट पर पहुंचेगा   रविवार को, दो लाख लोगों को हटाया गया
हैदराबाद-भुवनेश्वर:

हुदहुद चक्रवात के कल आंध्र प्रदेश और ओड़िशा तटों पर पहुंचने की उम्मीद है और इस दौरान 195 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इन दोनों राज्यों के अधिकारियों ने आज दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चक्रवात के कल दोपहर तक विशाखापट्टनम पहुंचने की आशंका है। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश के पांच तटवर्ती जिलों से 1.11 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने 5,14,725 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रबंध किया है। सेना एवं नौसेना ने अपने कर्मियों को राहत एवं बचाव अभियानों के लिए तैयार रहने को कहा है।

ओड़िशा में राज्य सरकार ने आज चक्रवात की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। इसी बीच इन मार्गों की दो उड़ानों एवं 39 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

विशेष राहत आयुक्त पीके महापात्र ने बताया, 'आठ जिलों कोरापुट, मलकानगिरी, नवरंगपुर, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, कालाहांडी एवं कंधमाल के जिलाधीश लोगों को संवेदनशील स्थानों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।' भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात की गति कल तड़के 195 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हुदहुद चक्रवात, हुदहुद तूफान, ओडिशा, आंध्र प्रदेश में हुदहुद, Hudhud Cyclone, Hud Hud Storm, Odisha, Hud Hud In Andhara Pradesh