अरविंद केजरीवाल का दावा, गोवा की 40 में से 35 सीटें जीतेगी 'आप'

अरविंद केजरीवाल का दावा, गोवा की 40 में से 35 सीटें जीतेगी 'आप'

अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

खास बातें

  • गोवा में दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन को दोहराने का दावा किया
  • कांग्रेस और बीजेपी, दोनों को एक ही सिक्के के दो पहलू करार दिया
  • कहा-लोगों के पास अब आम आदमी पार्टी के रूप में मौजूद है विकल्‍प
पणजी:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार दावा किया कि उनकी पार्टी गोवा में भी दिल्ली के चुनावी प्रदर्शन को दोहराएगी और आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में 40 में से 35 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

केजरीवाल ने मछुआरा समुदाय से बातचीत के बाद वास्को टाउन में संवाददाताओं को बताया, 'आप दोनों ही पार्टियों (कांग्रेस और बीजेपी) की उम्मीदों पर पानी फेर देगी। हम 40 में से कम से कम 35 सीटें जीतेंगे।' केजरीवाल आज से गोवा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। गोवा में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के सवाल पर उन्होंने कहा कि आप यह जिम्मेदारी इसी राज्य से किसी को देगी।

उन्होंने कहा, 'इस राज्य में 20 लाख लोग रहते हैं। गोवा वासियों में नेतृत्व क्षमता है। मैं यहां एक छोटा आदमी हूं। मैं दिल्ली में बैठकर बहुत ज्यादा कुछ नहीं कर सकता। ' यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी छवि, आम आदमी पार्टी से बड़ी बन रही है, उन्होंने कहा, 'केजरीवाल महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह पार्टी महत्वपूर्ण है।' उन्होंने कहा कि आप गोवा में दिल्ली का इतिहास दोहराएगी क्योंकि लोग इस पार्टी को समर्थन देंगे और कांग्रेस व भाजपा को खारिज कर देंगे।

केजरीवाल ने कहा, 'गोवा में लोगों ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों को देखा और ये पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ये सामने से लड़ती हैं, लेकिन पीछे एक दूसरे के साथ गोपनीय बैठक करती हैं। दोनो पार्टियां साथ साथ बहुत अच्छे से चलती हैं लेकिन लोगों को मुश्किलें आती हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही ‘पूरी तरह से भ्रष्ट पार्टियां’ हैं।लोगों को इस बात का एहसास हो गया है। लेकिन पूर्व में उनके पास कोई विकल्प नहीं था। अब आप के रूप में उनके सामने एक विकल्प है।'

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com