
केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का पदभार ग्रहण किया। जेटली के पास वित्त मंत्रालय की भी जिम्मेदारी है और रविवार को हुए मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
जेटली से पहले प्रकाश जावड़ेकर इस मंत्रालय का कामकाज देख रहे थे। जावड़ेकर अब सिर्फ पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जेटली ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा, मैं पहले भी सूचना एवं प्रसारण मंत्री रह चुका हूं, लेकिन तब प्रिंट मीडिया की संख्या ज्यादा थी और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की संख्या बेहद कम थी। लेकिन अब रेडियो, डिजिटल मीडिया तेजी से बढ़ा है।
उन्होंने कहा, एक समय था जब इस मंत्रालय का अधिकांश काम प्रसार भारती और दूरदर्शन किया करते थे। लेकिन अब हमें सूचना प्रौद्योगिकी में हुए बदलाव के अनुसार उसे देखना होगा।
ओलिंपिक शूटर से राजनेता बने राज्यवर्धन सिंह राठौर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के राज्यमंत्री बनाए गए हैं। जेटली ने कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय एक महत्वपूर्ण मंत्रालय है, जो सभी मंत्रालयों के बीच संपर्क बनाता है। उन्होंने कहा कि वह वित्त मंत्री की जिम्मेदारी संभालने के अतिरिक्त प्रतिदिन अपना कुछ समय सूचना एवं प्रचारण मंत्रालय को देंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं