यह ख़बर 15 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

आम आदमी पार्टी के नेता विनोद कुमार बिन्नी ने फिर बुलंद किए बगावत के सुर

नई दिल्ली:

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी में एक बार फिर बगावत के सुर दिखाई दे रहे हैं। पार्टी के विधायक विनोद कुमार बिन्नी एक बार फिर बगावत का झंडा बुलंद करते दिखाई दे रहे हैं। बिन्नी ने सीधे अरीवद केजरीवाल पर निशाना साधा है। बिन्नी ने कहा है कि उन्होंने कभी लोकसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मांगा और अगर अरविंद ऐसा कह रहे हैं, तो इससे बड़ा झूठ कुछ और नहीं हो सकता है।

बिन्नी ने कहा है कि अगर अरविंद को लगता है कि सच बोलने वाले को निकाल देना चाहिए, तो उन्हें ऐसा करने दीजिए। बिन्नी ने यह भी कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ने जा रहे हैं। बिन्नी का कहना है कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक रही है और इसको लेकर वह गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने जा रहे हैं। दरअसल सुबह से बिन्नी की बगावत की खबर चल रही थी, जिसके बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बिन्नी पहले मंत्री पद के लिए आए और फिर उन्होंने लोकसभा के टिकट की मांग की।

उल्लेखनीय है कि बिन्नी वही शख्स हैं, जो केजरीवाल मंत्रिमंडल में शामिल होने से अंतिम वक्त पर चूक गए थे और लिस्ट में नाम नहीं होने से वह काफी नाराज बताए जा रहे थे। हालांकि बाद में उन्हें मना लिया गया था।

आम आदमी पार्टी ने साफ किया है कि पार्टी के मंच को छोड़कर सीधे मीडिया से बात करना ठीक नहीं है और अगर किसी को पार्टी से शिकायत है, तो वह पार्टी छोड़कर जा सकता है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com