जम्मू कश्मीर में भूस्खलन और मकान ढहने से नौ की मौत

जम्मू/श्रीनगर:

जम्मू एवं कश्मीर में शुक्रवार को मकान ढहने और भूस्खलन की घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जम्मू में कहा कि एक परिवार के सात लोग मकान ढहने से मारे गए। जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी डोडा जिले में लगातार बारिश के कारण मकान ढह गया, जिससे एक ही परिवार के सात सदस्य जिंदा दफन हो गए। इनमें चार मर्द और तीन औरतें शामिल है।उन्होंने बताया कि मारे गए लोगों के शव अभी तक निकाले नहीं जा सके हैं। उन्होंने आगे बताया कि राज्य का आपदा प्रबंधन दल दुर्गम पहाड़ी गांव के लिए रवाना हो चुका है।

वहीं कश्मीर घाटी के बारामुला जिले में सीमावर्ती उरी कस्बे में भूस्खलन में उखड़े पेड़ के नीचे दब जाने से दो लोग मारे गए और दो अन्य घायल हो गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'भूस्खलन से उरी कस्बे में शुक्रवार को पेड़ उखड़ गया और चार लोगों पर जा गिरा जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य जख्मी हो गए।' उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।