विज्ञापन
This Article is From Mar 25, 2015

हिन्दू परिवार से 700 साल पुरानी बेशकीमती कुरान लूटी

हिन्दू परिवार से 700 साल पुरानी बेशकीमती कुरान लूटी
ब्यावर:

राजस्थान में ब्यावर के किशनंगज इलाके में बंदूक की नोक पर लगभग 700 साल पुरानी कुरान लूटकर ले जाने का मामला सामने आया है। कुरान को सालों से सहेजकर रखने वाले हिन्दू परिवार के सदस्यों ने नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाकर कुरान को वापस दिलवाने की मांग की है।

पीड़ित 55 साल के जयदेव शर्मा ने बताया कि तीन लोग रिवॉल्वर दिखाकर सात सौ साल पुरानी कुरान ले भागे। मंगलवार शाम वे अपने घर में बैठे थे, तभी दो व्यक्ति बेशकीमती कुरान देखने के बहाने घर आए। जयदेव दोनों युवकों को पहले से जानते थे। इस दौरान शर्मा का फोन आने पर वो फोन पर व्यस्त हो गए। मौके का फायदा उठाते हुए शैलेंद्र और वेणु नाम के इन युवकों ने जयदेव शर्मा को रिवॉल्वर दिखाकर कुरान छीन ली।

जयदेव शर्मा ने बताया, "उन्होंने मुझ पर रिवाल्वर तान दी और कहा मैं गोली चला दूंगा, मैं डर गया। उन्होंने अलमारी खोलने के लिए कहा और फिर बोले कुरान निकालो। कुरान बेशकीमती थी... नीलम और रूबी की स्याही से हस्तलिखित है, जिसका वजन 3.700 किलोग्राम था। इस कुरान में 24 कैरेट सोने का लेप भी था।" जयदेव शर्मा को ये कुरान एक मित्र ने तोहफे के रूप में 5 साल पहले दी थी।

जयदेव बताते हैं, "जैसे-जैसे कुरान पढ़ते हैं उसमें से अलग-अलग खुशबू आती है।" आरोपी शैलेन्द्र ने जयदेव शर्मा को कई बार कुरान बेचने के लिए कहां था, लेकिन वो धार्मिक मान्यता से जुड़ी होने के कारण उसे बेचना नहीं चाहते थे।

पुलिस कहना कि नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मुजरिमों की तलाश जारी है, क्योंकि उनके कॉल डिटेल निकाले जा रहे हैं। मुजरिमों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा और बेशकीमती कुरान को उसके सही वारिस के पास लौटा दिया जाएगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राजस्थान, ब्यावर, किशनंगज, बंदूक, कुरान, हिन्दू परिवार, Quran, Hindu, Antique, Rajasthan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com