यह ख़बर 26 दिसंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

यूपी में नौ महीनों में 40 नाबालिग लड़कियों की रेप के बाद हत्या

खास बातें

  • उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार बनने के नौ महीनों में अब तक 40 नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार के बाद उनकी हत्या हो चुकी है। महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए बनी वुमेन पावरलाइन में एक महीने में 61 हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।
लखनऊ:

दिल्ली में गैंगरेप पर उबले जन आक्रोश ने देश के अन्य राज्यों में हो रही रेप की घटनाओं की तरफ भी ध्यान खींचा है। दिल्ली के पड़ोसी उत्तर प्रदेश की ही बात करें तो, अखिलेश यादव की सरकार बनने के नौ महीनों में अब तक 40 नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार के बाद उनकी हत्या हो चुकी है।

सरकार अब इन पर नेशनल सिक्युरिटी एक्ट (एनएसए) लगा रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए बनी वुमेन पावरलाइन में एक महीने में 61 हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इससे पता चलता है कि महिलाओं के खिलाफ़ अपराध का पैमाना यहां कितना बड़ा है।

जिस वक्त गुस्से से भरी दिल्ली गैंगरेप के खिलाफ सड़कों पर उतरी थी, ठीक उसी वक्त इलाहाबाद की सड़कों पर एक लड़की के साथ छेड़छाड़ हो रही थी। सरकार अब रेप के मुलजिमों पर एनएसए लगा रही है और चंद दिनों में आठ लोगों पर एनएसए लग चुका है।

गृहसचिव पी गुप्ता ने कहा, अलग से हम लोग विचार-विमर्श करने रहे हैं कि इन घटनाओं को रोकने के लिए और क्या-क्या किया जा सकता है। महिलाओं पर अपराध रोकने के लिए बनाई गई वुमेन पावरलाइन में सिर्फ एक महीने में 62 हजार महिलाओं की शिकायतें दर्ज हुई हैं। 14,500 लड़कियों की शिकायत आई है कि लड़के फोन पर उनसे अश्लील बातें करते हैं।

औरतों पर होने वाले अपराधों में रेप सबसे घिनौना है। अब जबकि बलात्कारियों को फांसी की सजा की मांग उठ रही है, बरेली की जिला अदालत ने एक बलात्कारी कातिल को फांसी की सजा सुनाई है। तीन साल पहले उसने 10 साल की बच्ची के साथ रेप करने की बाद उसकी हत्या कर दी थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

लखनऊ की सड़कों पर सात साल पहले एक नाबालिग लड़की से छह लड़कों ने गैंगेरेप किया और उसके बाद उसे सिगरेट से दागा। रेप का मुख्य आरोपी एक ऐसे सपा नेता का भतीजा है, जिसे मुलायम सिंह यादव ने लोकसभा का टिकट दिया है। लड़की के घरवाले अब अखिलेश यादव से इंसाफ मांग रहे हैं।