दिल्ली : महिलाओं को परेशान करने के आरोप में 20 दिन में 371 गिरफ्तार

दिल्ली : महिलाओं को परेशान करने के आरोप में 20 दिन में 371 गिरफ्तार

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के साथ छेड़खानी करने और उनका पीछा करने आरोप में 20 दिन में 371 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया और करीब 2,400 को हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस की इस पहल के तहत हुई गिरफ्तारियों से स्पष्ट होता है कि राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर महिलाओं को कैसी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शॉपिंग मॉल और विश्वविद्यालय परिसर के आसपास और बड़ी प्रवासी आबादी वाले इलाके सबसे ज्यादा संवेदनशील जोन साबित हुए, जहां से अधिक संख्या में ऐसे आरोपियों को पकड़ा गया।

दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, संपन्न इलाकों के केंद्र के तौर पर पहचान रखने वाला दक्षिणी दिल्ली हिरासत में लिए गए लोगों की सूची में शीर्ष पर रहा। वहीं 3 अगस्त से 23 अगस्त के बीच महिलाओं को कथित तौर पर परेशान करने के आरोप में सबसे ज्यादा 831 लोगों को हिरासत में लिया गया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण-पूर्वी रेंज) आरएस कृष्णैया ने कहा कि सख्त निगरानी वाले दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस, धौला कुआं, वसंत विहार में अधिक संख्या में छात्रों का आना-जाना है और महरौली एवं मालवीय नगर जहां अधिक संख्या में प्रवासी आबादी रहती हैं। इन जगहों के साथ-साथ बड़े मॉल वाले इलाकों से भी अधिक संख्या में आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

दिल्ली के उत्तरी-पूर्वी इलाके में जहां अधिक संख्या में झुग्गी बस्तियां और अनधिकृत कॉलोनियां हैं, वहां से लड़कियों और महिलाओं को परेशान करने, उन्हें छूने की कोशिश करने, अभद्र इशारें और दुर्व्यवहार करने के आरोप में 70 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूर्वी दिल्ली से 69 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेंट्रल रेंज) एसके गौतम ने बताया कि 'डिटेन एंड डिसिप्लिन' की अवधारणा पर आधारित 'शिष्टाचार' अभियान की शुरुआत 3 अगस्त को की गई थी।