यह ख़बर 16 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर प्रदेश में 33 आईपीएस अधिकारियों का तबादला

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को राज्य की पुलिस व्यवस्था में व्यापक फेरबदल करते हुए 33 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीएसी सेक्टर मेरठ की पुलिस उपमहानिरीक्षक लक्ष्मी सिंह को आगरा परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के पद पर भेजा गया है। वह विजय सिंह मीना का स्थान लेंगी, जिन्हें पुलिस महानिरीक्षक बनाकर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध किया गया है।

पीएसी सेक्टर आगरा की पुलिस उपमहानिरीक्षक पद्मजा चौहान को इसी पद पर सीबीसीआईडी लखनऊ में भेजा गया है। आर्थिक अपराध शाखा लखनऊ में पुलिस उपमहानिरीक्षक सत्येंद्र कुमार कौल का पुलिस उपमहानिरीक्षक (रूल्स एण्ड मैनुअल्स) लखनऊ के पद पर किया गया तबादला निरस्त करते हुए उन्हें इसी पद पर खाद्य प्रकोष्ठ में तैनाती दी गई है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ में पुलिस उप महानिरीक्षक रघुवीर लाल को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मुरादाबाद में उप महानिरीक्षक बनाया गया है। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक विजय कुमार गर्ग को पुलिस उप महानिरीक्षक (कार्मिक) पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के पद पर भेजा गया है।

पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय गोरखपुर में पुलिस उप महानिरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह को देवीपाटन मंडल का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया गया है। बीसवीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक रामकृष्ण भारद्वाज तथा गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि के पदों की अदला-बदली कर दी गई है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) के पद पर तैनात शचि घिल्डियाल को सीबीसीआईडी लखनऊ में इसी पद पर नई तैनाती दी गई है।

पुलिस महानिदेशक कार्यालय लखनऊ से संबद्ध अधिकारी शरद सचान को 30वीं वाहिनी पीएसी गोण्डा का सेनानायक बनाया गया है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (स्थापना) मनोज कुमार को सतर्कता अधिष्ठान मेरठ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

11वीं वाहिनी पीएसी के उप सेनानायक गोपेशनाथ खन्ना को 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली के सेनानायक पद पर भेजा गया है। पश्चिमी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मेरठ अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार को 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ का सेनानायक बनाया गया है।

गौतमबुद्ध नगर में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) के पद पर तैनात भारती सिंह को 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद के सेनानायक पद पर नई तैनाती दी गई है। कानपुर नगर में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) के पद पर तैनात माधव प्रसाद वर्मा को सतर्कता अधिष्ठान का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक सभाराज को छठी वाहिनी पीएसी मेरठ में सेनानायक बनाया गया है।

इसके अलावा 48 वीं वाहिनी पीएसी सोनभद्र में उप सेनानायक के पद पर तैनात रमेश को भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सीबीसीआईडी में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार दीक्षित को 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में सेनानायक के पद पर भेजा गया है। वह श्रीपर्णा गांगुली का स्थान लेंगे, जिन्हें पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) के पद पर नई तैनाती दी गई है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com