यह ख़बर 23 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सिक्किम में अचानक आई बाढ़, भूस्खलन में 24 लोगों के मारे जाने की आशंका

खास बातें

  • उत्तरी सिक्किम के चुंगथांग इलाके में आईटीबीपी के नौ, सीमा सड़क संगठन के 12 और तीन नागरिकों के इस हादसे में मारे जाने की आशंका है। अब तक नौ शव बरामद हो चुके हैं।
चुंगथांग (सिक्किम):

उत्तरी सिक्किम के चुंगथांग इलाके में भारी बारिश से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 24 लोगों के मारे जाने की आशंका है। आईटीबीपी के नौ, सीमा सड़क संगठन के 12 और तीन नागरिकों के इस हादसे में  मारे जाने की आशंका है।

अब तक नौ शव बरामद हो चुके हैं। सेना और आईटीबीपी स्थानीय लोगों की मदद से बचाव और राहत कार्य चला रही है। क्षेत्र में 19 सितंबर से ही भारी बारिश और भूस्खलन हो रहा है। भूस्खलन के कारण क्षेत्र में कई सड़कें टूट गई हैं।

उत्तर जिला उपायुक्त टीडब्ल्यू खंगशेरपा ने कहा कि भूस्खलन 19 सितंबर के बाद से हो रही भारी बारिश की वजह से आए। उन्होंने बताया कि जिले में चुंगथांग और मंगन इलाके के बीच मुख्य सड़क लगभग नौ भूस्खलनों की वजह से बंद हो गई है। सेना और भारतीय वायुसेना कर्मियों ने जोरशोर से बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

चुंगथांग और पेगोंग के बीच मुख्य सड़क कई भूस्खलनों की वजह से बंद हो गईं। रंगमा और चुंगथांग के बीच लाचेन नदी के किनारे बसे घरों को ताजा बाढ़ अपने साथ बहाकर ले गई। सरकार ने बाढ़ का खतरा देखते हुए लाचेन, लाचुंग, मगन, चुंगथांग, दिकचू, सिंगतम और रांगपो इलाकों में अलर्ट घोषित कर दिया है। रविवार  सुबह मंगन शहर से एक किलोमीटर की दूरी पर एक और भूस्खलन होने की खबर है। इसकी वजह से आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि एनएच31-ए अवरूद्ध हो गया है, जिससे राज्य का उत्तरी हिस्सा बाकी हिस्से से कट गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट भाषा से भी)