हैदराबाद के पॉश इलाके गचीबोवली के एक आलीशान विला में हुई करोड़ों की चोरी के बाद हड़कंप मच गया था. मामला 6 जून का है. गचीबोवली इलाके में रहने वाले विला के बुजुर्ग मालिक बाहर गए हुए थे, तब गैंग ने चोरी को अंजाम दिया था. अगले दिन जब वह वापस लौटे तो उन्होंने देखा घर का बहुत सा सामान चोरी हुआ है. जिसके बाद उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी. साइबराबाद पुलिस ने 3 दिन में ही इस चोरी के मामले को सुलझा दिया और नेपाल के एक गैंग को पकड़ा है.
नेपाल का था गैंग
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में घर में काम करने वाले लोगों पर शक गया था. जिन्होंने घर में काम करते हुए लगातार परिवार की गतिविधियों पर नजर रखते हुए विला में एक सीक्रेट रास्ता बना लिया था. 6 जून के दिन जब घर में कोई नहीं था, तब चोरों ने मूर्ति पर पहनी गई सोने की चेन, लॉकर में रखे 7.8 किलो सोने के गहने और 1.3 किलो से ज्यादा चांदी के सामान को उठाया था. साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर एम रमेश ने बताया कि आरोपियों को लॉकर के पास रखी चाबी पहले ही मिल गई थी. ऐसे में उन्होंने मौका देखकर लॉकर खोला, गहने निकाले और लॉकर को फिर से बंद करके के चाबी लेकर भाग निकले.
यूपी-बिहार तक गई हैदराबाद पुलिस
हैदराबाद पुलिस ने हाई-प्रोफाइल चोरी के इस मामले को सुलझाने के लिए विशेष टीमें बनाईं थी. जहां तेलंगाना पुलिस उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड तक गई थी. पुलिस ने आरोपियों को यूपी के रामपुर से पकड़ा है. जिनकी पहचान कमल शाही 32 साल, उसकी पत्नी विमला शाही और एक अन्य साथी कल्पना शाही के तौर पर हुई है. सभी नेपाल के रहने वाले थे. पुलिस ने बताया कि ये तीनों एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा थे, जो कथित तौर पर पॉश इलाके में रहने वाले अमीर परिवारों को निशाना बनाता है. गिरोह के सरगना की पहचान सुरेश उर्फ सूरज के तौर पर हुई है.
चोरी की बनाते थे प्लानिंग
सूरज नेपाल से काम करने वाले लोगों को भारत में लाने का काम करता था. वह उन्हें आलीशान विला में घरेलू स्टाफ के तौर पर काम पर लगवाता है. इसके बाद निवासियों के शेड्यूल के बारे में जानकारी इकट्ठा की जाती है और उसका इस्तेमाल चोरी की योजना बनाने में किया जाता है. साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह गिरोह खास तौर पर अमीर परिवारों को ही निशाना बनाता है. क्योंकि उनके घरों में पैसा और नगदी बड़ी मात्रा में होती है. वे पहले घरों के अंदर काम करने वाले लोगों के ज़रिए जानकारी इकट्ठा करते हैं और परिवार के सदस्यों के बाहर होने पर चोरी करते हैं. ऐसा ही इस मामले में भी हुआ है.
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया है. जिसमें 7.837 किलो सोने के गहने, 1.361 किलो चांदी की चीजें, नकदी और मोबाइल फोन शामिल हैं. हैदराबाद पुलिस ने तकनीकी और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से आखिरकार आरोपियों का पता लगाया गया था. जहां यूपी पुलिस की मदद से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बिलासपुर रोड पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. जबकि टीमें अब फरार सरगना सूरज की तलाश में जुटी हैं.
ये भी पढ़ेंः सिर पर बंधे मोबाइल से ट्रेनिंग... AI रोबोट को उनकी ही नौकरियां छीनने के गुर सिखा रहे भारतीय वर्कर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं