एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम आज (सोमवार) रात को बेंगलुरु वापस लौट रही है. टीम इंडिया ने रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था. टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए चैंपियन बनने के बाद देश लौट रही इस विजेता टीम का बेंगलुरु हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को दी बधाई
भारतीय महिला टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है. पीएम मोदी ने लिखा, "भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया और खुशियां दीं. एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप जीतने पर महिला टीम को बधाई. टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया. टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं. उम्मीद है कि यह जीत दूसरों को भी हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी."
Indian hockey players bring pride and joy!
— Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2026
Congratulations to the women's team for emerging as winners in the FIH Hockey Women's Nations Cup. The team played exceptionally well throughout the entire tournament. Best wishes to the team.
May this win inspire several others to… pic.twitter.com/EdZcpyRV3L
हॉकी इंडिया ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस विशेष सराहना और बधाई संदेश के बाद हॉकी इंडिया ने भी सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया है. हॉकी इंडिया ने पीएम मोदी के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, "माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आपकी इन शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. टीम आपकी इस सराहना से बेहद सम्मानित महसूस कर रही है और देश का नाम रोशन करने के लिए आगे भी ऐसे ही प्रयास जारी रखेगी." इस बड़ी खिताबी जीत और खुद देश के प्रधानमंत्री से मिली सराहना के बाद वापस लौट रही महिला टीम का मनोबल काफी ऊंचा है.
Thank you, Hon'ble Prime Minister Shri Narendra Modi ji, for your kind wishes. The team is honoured by your appreciation and will continue striving to make India proud. 🇮🇳 https://t.co/6ACvTKT2kR
— Hockey India (@TheHockeyIndia) June 21, 2026
फाइनल में लालरेम्सियामी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड मिला, जबकि दीपिका छह गोल के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर रहीं. उन्होंने यह सम्मान यूएसए की एशले सेसा के साथ साझा किया. यह भारत की दूसरी नेशंस कप जीत है. इससे पहले उन्होंने साल 2022 में हुए पहले टूर्नामेंट में जीत हासिल की थी. भारत इस इवेंट में अजेय रहा और पूल-ए के मुकाबलों में यूएसए (3-2), जापान (2-1) और उरुग्वे (3-2) को शिकस्त दी थी. इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में चिली के खिलाफ 6-0 से हराया. फाइनल में, उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब जीता.
रविवार को फाइनल मैच की शुरुआत में मेजबान टीम का बॉल पर ज्यादा कब्जा रहा और वे बढ़त बनाने की कोशिश कर रहे थे. हालांकि, मेहमान टीम ने पहला बड़ा मौका तब बनाया जब नवनीत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला. उन्होंने चौथे मिनट में एक जबरदस्त स्ट्राइक के साथ इस सेट-पीस से गोल किया और भारत को बढ़त दिलाई.
भारत ने ट्रांजिशन में शानदार खेल दिखाया और अपनी ऊर्जा से न्यूजीलैंड के डिफेंस के लिए कई मुश्किलें खड़ी कीं. उन्होंने पहले क्वार्टर में मिले पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर अपनी बढ़त बढ़ाई. 15वें मिनट में सुनीलिता टोप्पो ने दीपिका के तेज शॉट को दिशा देकर स्कोर 2-0 कर दिया. दूसरे क्वार्टर में भारत ने अनुशासित खेल जारी रखा, जबकि न्यूजीलैंड ने अपनी लय हासिल की और वापसी की कोशिश की. मेहमान टीम को भी अंतर कम करने के कुछ मौके मिले, लेकिन कोई भी टीम दोबारा गोल नहीं कर सकी, जिससे हाफटाइम तक भारत के पास दो गोल की बढ़त बरकरार रही.
तीसरे क्वार्टर में भारत ने मजबूती बनाए रखी और जबरदस्त डिफेंस का प्रदर्शन किया, जिससे मेजबान टीम गोल करने का कोई स्पष्ट मौका नहीं बना सकी. उनके तेजतर्रार खेल ने न्यूजीलैंड के डिफेंस से गलती करवाई, लेकिन नवनीत के रिवर्स शॉट को गोलकीपर ने रोक लिया. चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही न्यूजीलैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला. हालांकि, सविता ने उस सेट-पीस को बचा लिया और भारत की दो गोल की बढ़त बनाए रखी. मेहमान टीम ने अपने अनुशासित डिफेंस का शानदार प्रदर्शन जारी रखा और आखिरकार 2-0 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया.
टीम की इस कामयाबी का जश्न मनाने के लिए हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों के लिए 1.5 लाख रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है. हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "शान, आभार और सम्मान. टीम इंडिया की एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 खिताब जीत का सम्मान करते हुए, हॉकी इंडिया हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य के लिए 1.5 लाख रुपए के नकद इनाम का ऐलान करता है. उस टीम के लिए एक सही इनाम जिसने देश का मान बढ़ाया है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं