बारिश की बूंदें जहां आपको गर्मी से राहत दिलाती हैं. वहीं, इस सीजन में कुछ समस्याएं भी देखने को मिलती है, जिसमें कीड़े-मकोड़ों का काटना भी शामिल है. जी हां, हर साल बरसात में सांप काटने और बिच्छू के डंक के मामलों में तेजी देखी जा रही है. मुख्य रूप से खेतों, पानी से भरे इलाकों और कच्चे घरों के आसपास रहने वाले लोगों में स्नैकबाटिंग और बिच्छू के काटने का खतरा ज्यादा रहता है. ये दोनों ही घटनाएं जानलेवा हो सकती हैं, लेकिन इनके लक्षण और इलाज का तरीका अलग-अलग होता है.
बरसात में सांप काटने के मामले ज्यादा क्यों आते हैं?
बरसात में बारिश का पानी सांपों के बिलों में भर जाता है. ऐसे में वे बिल से बाहर निकलकर सुरक्षित जगह की तलाश में बाहर निकल आते हैं और कई बार घरों, गोदामों या खेतों में छिप जाते हैं. दूसरी ओर इस सीजन में खेती-बाड़ी के काम बढ़ने लगते हैं, जिसकी वजह से लोगों का संपर्क भी सांपों से ज्यादा होता है. वहीं, बरसात में कम रोशनी और घास-झाड़ियों की भी अधिकता हो जाती है, जिसकी वजह से सांप के काटने का रिस्क बढ़ जाता है.
सांप के काटने के लक्षण क्या हैं?
- सांप के काटने के बाद आमतौर पर दो दांतों के निशान दिखाई देते हैं.
- जहरीले सांप के काटने पर काटे गए जगह पर दर्द, सूजन और जलन हो सकती है.
- कुछ मामलों में सांस लेने में दिक्कत, धुंधला दिखना, पलकों का झुकना, उल्टी या शरीर में कमजोरी जैसे लक्षण भी उभर सकते हैं. गंभीर स्थिति में जहर नसों या ब्लड पर असर डाल सकता है.
बिच्छू के डंक से क्या होता है?
- बिच्छू जब डंक मारता है, तो तेज और असहनीय दर्द होता है.
- डंक वाली जगह पर जलन, झुनझुनी और सूजन महसूस हो सकती है.
- कुछ जहरीली प्रजातियों के डंक से पसीना आना, दिल की धड़कन तेज होना, बेचैनी और रक्तचाप में बदलाव जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं.
- हालांकि अधिकांश मामलों में दर्द मुख्य समस्या होती है और मरीज कुछ घंटों से दिनों में ठीक हो जाते हैं.
सांप और बिच्छू, दोनों के काटने में सबसे बड़ा अंतर क्या है?
सांप का जहर शरीर की नसों, ब्लड या मांसपेशियों पर काफी ज्यादा असर डाल सकता है और कई बार जानलेवा साबित होता है. वहीं, बिच्छू का डंक मुख्य रूप से नर्वस को उत्तेजित करता है और तेज दर्द पैदा करता है. सांप के काटने में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की जरूरत पड़ सकती है. वहीं, बिच्छू के डंक का ट्रीटमेंट लक्षणों के आधार पर किया जाता है.
सांप या बिच्छू के काटने पर क्या करें?
अगर किसी व्यक्ति को सांप काट ले, तो घबराएं नहीं, उसे शांत रखें और जल्द से जल्द हॉस्पिटल पहुंचाएं.
कोशिश करें प्रभावित अंग को ज्यादा न हिलाएं.
बिच्छू के डंक में भी घरेलू नुस्खों पर भरोसा करने की बजाय डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.
कट लगाने, जहर चूसने या कसकर रस्सी बांधने जैसे पुराने तरीके नुकसान पहुंचा सकते हैं.
बरसात के मौसम में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है. खेतों या झाड़ियों में जाते समय जूते पहनना, घर के आसपास सफाई रखना और रात में पर्याप्त रोशनी का उपयोग करना सांप और बिच्छू दोनों से बचने में मदद कर सकता है.
ये भी पढ़ें - रक्षाबंधन से पहले एक साथ उठी भाई-बहन की अर्थी; लुधियाना में सांप ने डसा, आखिरी बार मासूमों को मां नहीं देख पाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं