पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने बहुत कुछ देखा है. प्रदेश में कभी एक दौर ऐसा भी था जब यूपी की पहचान केवल जर्जर स्वास्थ्य सेवाओं, बदहाल अस्पतालों और इलाज के लिए मजबूर जनता के पलायन से होती थी. लेकिन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत और विजनरी नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर विकास की नई इबारत लिख रहा है. इसका सबसे बड़ा प्रमाण 'यूपी-जापान हेल्थकेयर एवं हेल्थकेयर इकॉनमी पार्टनरशिप' के रूप में सामने आया है.
यह कोई साधारण समझौता नहीं है, बल्कि एक ऐसा युगांतरकारी मास्टरस्ट्रोक है, जिसके जरिए यूपी में वर्ल्ड क्लास हेल्थ सर्विसेस की नींव रखी जा रही है. इस ऐतिहासिक पहल से न केवल प्रदेश की जनता को बढ़ती बीमारियों के इलाज में बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि दुनिया भर में उत्तर प्रदेश की पहचान एक ऐसे मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में स्थापित होगी जहां इलाज वैश्विक मानकों के अनुरूप बेहद सस्ता और उच्च गुणवत्तापूर्ण होगा. इसके साथ ही, यह साझेदारी उत्तर प्रदेश को दुनिया में अग्रणी मेडिकल डिवाइसेस और इक्विप्मेंट्स के मैन्युफैक्चरिंग हब में शामिल करने जा रही है. आइए विस्तार से समझते हैं कि कैसे हेल्थकेयर इकॉनमी और जापानी इनोवेशन व तकनीक के जरिए 'विकसित उत्तर प्रदेश-2047' की बुलंद नींव रखी जा रही है और कैसे सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है.
यूपी-जापान पार्टनरशिप का उदय और मेगा डील-
इस युगांतरकारी स्वास्थ्य साझेदारी की पृष्ठभूमि तीन दिनी 'यूपी-जापान इन्वेस्टर्स मीट' और विभिन्न सेक्टोरल सत्रों से जुड़ी है. बुधवार से शुक्रवार के बीच हुई इन बैठकों में दोनों देशों के नीति-निर्माताओं, जापानी प्रतिनिधियों और प्रमुख चिकित्सा व्यवसायियों के बीच गहन विचार-विमर्श के कई दौर चले. इसी निरंतरता का परिणाम है कि आज दोनों पक्षों के बीच 'हेल्थकेयर एंड हेल्थकेयर इकॉनमी' को सहयोग के एक केंद्रीय और सबसे मजबूत स्तंभ के रूप में स्थापित किया गया है. योगी सरकार की सक्रियता के कारण दोनों देशों के बीच तकनीकी हस्तांतरण, संयुक्त अनुसंधान, मानव संसाधन के आदान-प्रदान और डिजिटल स्वास्थ्य प्रणालियों के निर्माण जैसे बहु-आयामी क्षेत्रों में काम करने पर सर्वसम्मति बनी है.
यह पार्टनरशिप मुख्यतः चिकित्सा उपकरण विनिर्माण, नर्सिंग और वृद्धावस्था देखभाल, फार्मास्युटिकल विकास, एआई-आधारित रोगी निगरानी और आयुष-आधारित प्राकृतिक चिकित्सा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण सेक्टर्स पर केंद्रित है. इन क्षेत्रों में हुए संस्थागत एमओयू और त्वरित नीतिगत फैसले यह साफ दर्शाते हैं कि उत्तर प्रदेश अब केवल कागजी करारों में विश्वास नहीं रखता, बल्कि उन्हें तत्काल जमीन पर उतारने की अद्वितीय प्रशासनिक इच्छाशक्ति भी रखता है.
जापान की बुजुर्ग आबादी की जरूरत और यूपी की असीमित युवा शक्ति-
वैश्विक अर्थव्यवस्था में जब दो बिल्कुल पूरक शक्तियां आपस में मिलती हैं, तो एक अजेय विकास मॉडल का जन्म होता है. आज का जापान दुनिया की सबसे तेजी से बुजुर्ग होती आबादी वाला देश है, जहां लगभग 29 प्रतिशत से अधिक आबादी 65 वर्ष से अधिक आयु की हो चुकी है. इस भारी जनसांख्यिकीय संकट के कारण जापान में बुजुर्गों की देखभाल के लिए पेशेवर केयरगिवर्स और नर्सों की गंभीर किल्लत हो गई है. दूसरी तरफ, हमारा उत्तर प्रदेश आज अपनी विशाल आबादी और 56 प्रतिशत से अधिक कार्यशील जनसंख्या के साथ दुनिया की सबसे बड़ी युवा महाशक्तियों में से एक बनकर उभरा है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसी जनसांख्यिकीय पूरकता को भांपते हुए यह अभूतपूर्व मास्टरस्ट्रोक चला है. उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में नर्सिंग, पैरामेडिकल और अलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स तैयार करता है.
ऐसे में, इस साझेदारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के संवेदनशील युवाओं को जापान के जनसांख्यिकीय संकट को हल करने के लिए एक मजबूत पुल की तरह उपयोग किया जा रहा है. इससे न केवल जापान को एक विश्वसनीय और कुशल वर्कफोर्स मिलेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उच्च वेतन वाले सुरक्षित रोजगार हासिल होने के अवसरों का भी सृजन होगा.
यूपी के युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर का प्रवेश द्वार-
इस वैश्विक साझेदारी को धरातल पर उतारने के लिए योगी सरकार ने कौशल विकास के स्तर पर बेहद सूक्ष्म और व्यावहारिक योजना बनाई है. जापान में केयरगिविंग की विशिष्ट विधा को 'कैशीगो' कहा जाता है, जो बुजुर्गों की शारीरिक और मानसिक देखभाल के कड़े प्रोटोकॉल पर आधारित है. ऐसे में, योगी सरकार उत्तर प्रदेश के नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्रों को न केवल इस विशिष्ट विधा का प्रशिक्षण दे रही है, बल्कि जापानी भाषा और संस्कृति की बारीकियों से भी अवगत कराएगी. इसके तहत राज्य के युवाओं को जापान के 'स्पेसिफाइड स्किल्ड वर्कर' और 'टेक्निकल इंटर्न ट्रेनिंग प्रोग्राम' के जरिए सीधे जापान भेजने का मार्ग प्रशस्त होगा. इतना ही नहीं, भाषा और सांस्कृतिक अंतर की बड़ी चुनौती को दूर करने के लिए योगी सरकार ने राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालयों में समर्पित जापानी भाषा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की नींव रख दी है. इसके साथ ही, दोनों देशों के हेल्थकेयर सर्टिफिकेशन और मानकों में तालमेल बिठाने के लिए पारस्परिक मान्यता समझौतों पर भी युद्धस्तर काम चल रहा है ताकि यूपी के कॉलेजों से मिलने वाली नर्सिंग डिग्री को जापान में तुरंत मान्यता मिल सके. यह नीति सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश के टैलेंट को वैश्विक मानकों पर अपग्रेड करके राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे भरोसेमंद मैनपावर हब बनाने का रोडमैप सिद्ध हो रही है.
वैश्विक विनिर्माण और 'मेक इन इंडिया' का नया महा-इकोसिस्टम-
विकसित उत्तर प्रदेश-2047 का लक्ष्य तब तक पूरा नहीं हो सकता जब तक राज्य केवल उपभोक्ता न रहकर एक अग्रणी निर्माता न बन जाए. इसी दूरगामी सोच के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा और आधुनिक 'मेडिकल डिवाइस पार्क' और फार्मा पार्कों का नेटवर्क विकसित कर रहे हैं. ऐसे में, एक ओर जहां जापान की पहचान दुनिया भर में अपनी अत्यधिक सटीक, गुणवत्तापूर्ण और उन्नत चिकित्सा प्रौद्योगिकियों के लिए है. वहीं, योगी सरकार जापानी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में अपनी अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए हर संभव सुविधा प्रदान कर रही है. इसमें प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंगल विंडो क्लीयरेंस और सुगम लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था शामिल है. इस जापानी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के आगमन से उत्तर प्रदेश में मेडिकल डिवाइसेस, एक्स-रे मशीन, एमआरआई स्कैनर और विभिन्न जीवन रक्षक उपकरणों का बड़े पैमाने पर घरेलू उत्पादन शुरू होगा। इससे न केवल भारत की आयात पर निर्भरता कम होगी और 'मेक इन इंडिया' को बल मिलेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश दुनिया के प्रमुख और लागत-प्रभावी विनिर्माण हब की अग्रिम पंक्ति में शामिल हो जाएगा. ऐसे में, यह कहना गलत नहीं होगा कि निश्चित तौर पर यह देश के स्वास्थ्य क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाया गया तक का सबसे ठोस और प्रभावी कदम है.
डिजिटल हेल्थकेयर, एआई और रोबोटिक्स-
आज की दुनिया केवल दवाओं से नहीं, बल्कि एआई और उन्नत तकनीक से चल रही है. जापान इस समय हेल्थकेयर इकॉनमी और चिकित्सा के क्षेत्र में 'पेशेंट मॉनिटरिंग एआई सिस्टम' और 'नर्सिंग रोबोट्स' का बड़े पैमाने पर उपयोग कर रहा है. ऐसे में, योगी सरकार इस जापानी तकनीक को उत्तर प्रदेश के चिकित्सा ढांचे में एकीकृत करने के लिए एक बेहद मजबूत और दूरदर्शी नीति पर काम कर रही है. राज्य के सुदृढ़ आईटी नेटवर्क और 'इन्वेस्ट यूपी' पहल के माध्यम से जापानी एआई-ड्रिवेन हेल्थकेयर स्टार्टअप्स को यूपी के विशाल स्वास्थ्य बाजार में प्रवेश और विस्तार का सीधा अवसर मिल रहा है. जब ये नर्सिंग रोबोट्स और स्वचालित मरीज निगरानी प्रणालियां उत्तर प्रदेश के अस्पतालों का हिस्सा बनेंगी, तो यहां की चिकित्सा प्रणाली में क्रांतिकारी सुधार आएगा. डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर काम का अतिरिक्त बोझ कम होगा, मानवीय भूलों की गुंजाइश न के बराबर रह जाएगी और मरीजों को मिलने वाली देखभाल की गुणवत्ता सीधे तौर पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के बराबर पहुंच जाएगी. यह हाई-टेक चिकित्सा व्यवस्था उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह स्मार्ट और भविष्योन्मुखी बनाने की दिशा में एक युगांतरकारी मास्टरस्ट्रोक साबित होने जा रही है.
आयुष और वेलनेस टूरिज्म का संगम-
आज के दौर में दुनिया भर का रुझान केवल बीमारी के बाद इलाज पर नहीं, बल्कि बीमारी से बचाव यानी प्राकृतिक और निवारक स्वास्थ्य देखभाल की ओर बढ़ा है. जापान में भी लोग तेजी से इस जीवनशैली को अपना रहे हैं. ऐसे में, उत्तर प्रदेश का समृद्ध आयुष (आयुर्वेद, योग, यूनानी) पारिस्थितिकी तंत्र जापानी वेलनेस टूरिज्म के साथ मिलकर एक नया और असीम बाजार तैयार कर रहा है. योगी सरकार इस प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति को आधुनिक वैज्ञानिक जापानी शोध के साथ जोड़कर एक वैश्विक चिकित्सा पर्यटन (मेडिकल टूरिज्म) का ढांचा विकसित कर रही है. इससे न केवल जापान और अन्य विकसित देशों से पर्यटक अपनी शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती के लिए यूपी के आयुष केंद्रों की ओर आकर्षित होंगे, बल्कि यहां मेडिकल टूरिज्म का एक बड़ा और आत्मनिर्भर उद्योग भी तैयार होगा. यह पहल न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक सम्मान दिलाएगी, बल्कि राज्य के राजस्व और स्थानीय रोजगार में भी ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज करवाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दूरगामी रोडमैप पर अपना विजन स्पष्ट करते हुए स्वयं भी कहा है कि तकनीकी कौशल और जनसांख्यिकीय संतुलन के दृष्टिकोण से भारत का उत्तर प्रदेश और जापान एक-दूसरे के स्वाभाविक पूरक हैं. उनके इसी आधिकारिक वर्जन को मंत्र मानकर उत्तर प्रदेश सरकार लगातार इस दिशा में नए आयाम स्थापित कर रही है.
विकसित यूपी 2047 की बुलंद नींव-
उत्तर प्रदेश का भूतकाल चाहे जो भी रहा हो, लेकिन इसका वर्तमान और भविष्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में अत्यंत सुरक्षित और उज्ज्वल है. 'यूपी-जापान हेल्थकेयर एवं हेल्थकेयर इकॉनमी पार्टनरशिप' केवल एक समझौता नहीं है, बल्कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के विराट संकल्प को समय से पहले सिद्ध करने की दिशा में उठाया गया सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक है. जापान की विश्वस्तरीय सूक्ष्मता, गुणवत्ता और तकनीकी विशेषज्ञता जब उत्तर प्रदेश के अपार स्केल, असीमित युवा प्रतिभा, सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षित नीतिगत माहौल से मिलती है, तो वह एक नए स्वर्णिम युग का सूत्रपात करती है. ऐसे में, योगी सरकार की नीतियों ने यह साबित कर दिया है कि जो कहा जाता है, उसे धरातल पर उतारा जाता है. जब तक यह ऐतिहासिक रोडमैप पूरी तरह साकार होगा, उत्तर प्रदेश न केवल अपनी 25 करोड़ जनता को बढ़ती बीमारियों से मुक्ति दिलाकर उन्हें सस्ता और वैश्विक मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्तापूर्ण इलाज प्रदान करेगा, बल्कि पूरी दुनिया के लिए मेडिकल टूरिज्म और अत्याधुनिक चिकित्सा विनिर्माण का एक ख्याति प्राप्त वैश्विक हब बनकर उभरेगा. निश्चित तौर पर 'लैंड ऑप द राइजिंग सन' के सहयोग से 'लैंड ऑफ सूर्यवंश ' में शुरू हुआ यह नया अध्याय आने वाले समय में केवल यूपी और भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में आर्थिक और मानवीय सहयोग की सबसे सुंदर और अनुकरणीय मिसाल बनेगा.
लेखक के बारे में-

ये भी पढ़ें- बच्चों से बुजुर्गों तक फैल रहा H1N1 फ्लू, दिल्ली-NCR में कितना बढ़ा खतरा? डॉक्टर से जानें लक्षण और बचाव के उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं