विज्ञापन

माउथवॉश और दांत सफेद करने वाले प्रोडक्ट्स का रोज इस्तेमाल करते हैं आप, तो रुक जाइए... डेंटिस्ट ने बता दिया पूरा सच

Mouthwash Side Effects: माउथववॉश और दूसरे माउथ क्लीनिंग प्रोडक्ट्स का रोजाना इस्तेमाल करना सही है या नहीं, इसका जवाब जानने के लिए हमने डॉ. शोभित रायजादा से बात की. आइए जानते हैं डॉक्टर ने क्या कहा.

माउथवॉश और दांत सफेद करने वाले प्रोडक्ट्स का रोज इस्तेमाल करते हैं आप, तो रुक जाइए... डेंटिस्ट ने बता दिया पूरा सच
माउथवॉश से कभी-कभी फायदेमंद बैक्टीरिया भी खत्म हो सकते हैं.

Teeth Whitening Products Side Effects: ताजी सांस और चमकदार दांत पाने के लिए आजकल बहुत से लोग माउथवॉश और अन्य प्रोडक्ट्स का रोजाना इस्तेमाल करते हैं. लेकिन, क्या ये सच में सुरक्षित हैं? इस सवाल का जवाब इतना आसान नहीं है कि सिर्फ हां या ना कहा जाए. हमारे मुंह को एक बगीचे की तरह समझिए, जहां संतुलन सबसे जरूरी होता है. हमारे मुंह में अरबों बैक्टीरिया रहते हैं, जिनमें से कुछ हानिकारक होते हैं, लेकिन कई हमारे लिए फायदेमंद भी होते हैं. अगर हम इस संतुलन को बिगाड़ देते हैं, तो मुंह से जुड़ी कई समस्याएं शुरू हो सकती हैं. इसलिए यह समझना जरूरी है कि इन प्रोडक्ट्स का सही इस्तेमाल कैसे किया जाए. माउथववॉश और दूसरे माउथ क्लीनिंग प्रोडक्ट्स से जुड़े सवालों के जवाब जानने के लिए हमने डॉ. शोभित रायजादा (कंसल्टेंट - मैक्सिलोफेशियल प्रोस्थोडॉन्टिस्ट और ओरल इम्प्लांटोलॉजिस्ट, मणिपाल हॉस्पिटल, गोवा) से बात की. आइए जानते हैं डॉक्टर ने क्या कहा.

ये भी पढ़ें: आने वाली भीषण गर्मी आपके नर्वस सिस्टम पर कर सकती है खतरनाक वार, इन बीमारियों का बढ़ सकता है खतरा

ब्रॉड-स्पेक्ट्रम माउथवॉश की समस्या:

ज्यादातर बाजार में मिलने वाले माउथवॉश ब्रॉड-स्पेक्ट्रम होते हैं, यानी ये अच्छे और बुरे दोनों तरह के बैक्टीरिया को खत्म कर देते हैं. इससे मुंह का नेचुरल बैलेंस बिगड़ सकता है. फायदेमंद बैक्टीरिया खत्म होने से थ्रश और मुंह की बदबू (हैलिटोसिस) जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. लंबे समय में वही माउथवॉश बदबू की वजह भी बन सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

अल्कोहल वाले माउथवॉश और ड्राई माउथ का खतरा:

अल्कोहल-बेस्ड माउथवॉश बैक्टीरिया को खत्म करने में असरदार होते हैं, लेकिन इनके नुकसान भी हैं. ये लार (saliva) बनने की प्रक्रिया को कम कर देते हैं. लार मुंह को साफ रखने, एसिड को न्यूट्रल करने और खाने को पचाने में मदद करती है. लार कम होने से मुंह सूख जाता है. सूखा मुंह बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया के लिए आदर्श जगह बन जाता है. इससे एक चक्र बन जाता है, जितना ज्यादा माउथवॉश, उतनी ज्यादा सूखापन और बदबू.

माउथवॉश का ब्लड प्रेशर से जुड़ा चौंकाने वाला कनेक्शन:

नई रिसर्च बताती है कि मुंह के कुछ अच्छे बैक्टीरिया शरीर के लिए जरूरी होते हैं. ये बैक्टीरिया पालक और चुकंदर जैसे फूड्स में मौजूद नाइट्रेट को नाइट्रिक ऑक्साइड में बदलते हैं. नाइट्रिक ऑक्साइड ब्लड वेसल्स को रिलैक्स करता है और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करता है. बहुत ज्यादा माउथवॉश का उपयोग इन फायदेमंद बैक्टीरिया को नुकसान पहुंचा सकता है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि माउथवॉश सीधे हाई ब्लड प्रेशर करता है, लेकिन ज्यादा उपयोग जोखिम बढ़ा सकता है.

ये भी पढ़ें: पीरियड्स के दर्द से राहत पाने के लिए ऐसा रखें खानपान, इन घरेलू उपायों से मिलेगा आराम

टीथ व्हाइटनिंग प्रोडक्ट्स असरदार लेकिन सावधानी जरूरी:

दांत सफेद करने वाले माउथवॉश और प्रोडक्ट्स में अक्सर पेरॉक्साइड होता है, जो दाग हटाने में मदद करता है. लेकिन, ज्यादा उपयोग से दांतों में सेंसिटिविटी बढ़ सकती है. मसूड़ों में जलन हो सकती है, लंबे समय में दांतों की बाहरी परत (एनामेल) कमजोर हो सकती है. इसलिए डेंटिस्ट इन्हें सीमित मात्रा में और सलाह के साथ इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

नुकसानदेह नहीं, लेकिन सावधानी भी जरूरी:

यह जरूरी नहीं कि माउथवॉश या व्हाइटनिंग प्रोडक्ट्स खराब ही हों.

  • ये मसूड़ों की बीमारी कंट्रोल करने में मदद करते हैं.
  • प्लाक कम करते हैं.
  • अस्थायी रूप से बदबू दूर करते हैं.

लेकिन इन्हें बिना सोचे-समझे रोजाना इस्तेमाल करना सही नहीं है. दवा की तरह इस्तेमाल करें, रोजमर्रा की जरूरत नहीं. माउथवॉश को दवा की तरह देखें. जरूरत पड़ने पर ही इस्तेमाल करें.

जैसे: डेंटल ट्रीटमेंट के बाद, जिंजिवाइटिस में, या डॉक्टर की सलाह पर.

ओरल हेल्थ की असली नींव क्या है?

  • दिन में दो बार फ्लोराइड टूथपेस्ट से ब्रश करना.
  • फ्लॉसिंग करना.
  • पर्याप्त पानी पीना.
  • बैलेंस और हेल्दी डाइट लेना.

ये आदतें मुंह के नेचुरल बैलेंस को बनाए रखती हैं. इस्तेमाल से पहले डेंटिस्ट से सलाह जरूर लें.

हर व्यक्ति की जरूरत अलग होती है:

  • किसी को ड्राई माउथ होता है.
  • किसी को दांतों में संवेदनशीलता.
  • किसी को मसूड़ों की समस्या.

इसलिए माउथवॉश या व्हाइटनिंग प्रोडक्ट को अपने रूटीन में शामिल करने से पहले डेंटिस्ट से सलाह लेना सबसे सुरक्षित तरीका है.

(डॉ. शोभित रायजादा, कंसल्टेंट - मैक्सिलोफेशियल प्रोस्थोडॉन्टिस्ट और ओरल इम्प्लांटोलॉजिस्ट, मणिपाल हॉस्पिटल, गोवा)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com