आज के समय में हर कोई चेहरे की चमक हो या बालों का स्टाइल, हर चीज का पूरा ख्याल रखते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारी मुस्कान को खूबसूरत बनाने वाले दांतों के साथ हम हर दिन कुछ ऐसी गलतियां कर रहे हैं, जो उन्हें अंदर ही अंदर खोखला बना रही हैं? डॉक्टर सलीम जैदी ने एक वीडियो में ऐसी 3 बड़ी गलतियों के बारे में बताया है, जो लोग अक्सर अनजाने में करते हैं और अपने दांतों को खराब कर लेते हैं. आइए जानते हैं इन गलतियों के बारे में.
दांतों को खराब कर रहीं आपकी ये 3 गलतियां- (These 3 mistakes damaging your teeth)
1. खाने के तुरंत बाद ब्रश करना- (Brushing Right After Eating)
हम में से बहुत से लोगों को लगता है कि खाना खाने के तुरंत बाद ब्रश कर लेने से दांत साफ और चमकदार रहेंगे. लेकिन डॉक्टर सलीम जैदी के मुताबिक, यह आदत दांतों के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक है. जब हम कुछ भी खाते हैं, खासकर खट्टी चीजें या कार्बोहाइड्रेट, तो हमारे मुंह में एसिड बनने लगता है. यह एसिड दांतों की सबसे ऊपरी सुरक्षित परत, जिसे इनेमल (Enamel) कहते हैं, उसे थोड़ा कमजोर या सॉफ्ट बना देता है. अगर आप इसी समय दांतों पर ब्रश रगड़ देते हैं, तो वह सुरक्षित परत धीरे-धीरे घिसने लगती है. इससे दांतों में सेंसिटिविटी, की समस्या शुरू हो जाती है. इसलिए खाना खाने के कम से कम 30 से 45 मिनट बाद ही ब्रश करें.

2. माउथवॉश का बहुत ज्यादा इस्तेमाल- (Excessive Use of Mouthwash)
मुंह की बदबू दूर करने और फ्रेश फील करने के लिए आज हर घर में माउथवॉश का इस्तेमाल आम हो गया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा माउथवॉश का इस्तेमाल आपके ओरल हेल्थ को बिगाड़ सकता है? डॉक्टर के अनुसार, हमारे मुंह में कुछ अच्छे बैक्टीरिया भी होते हैं जो दांतों और मसूड़ों को बीमारियों से बचाते हैं. जब हम अल्होकल माउथवॉश का इस्तेमाल करते हैं, तो ये अच्छे बैक्टीरिया को भी मार देते हैं. इसके कारण मुंह में सूखापन, दांतों में सड़न या कैविटी का खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है.

3. कोल्ड ड्रिंक्स और सॉफ्ट ड्रिंक्स- (Frequent Cold Drinks & Soft Drinks)
डॉक्टर सलीम जैदी ने चेतावनी दी है कि ये ड्रिंक्स दांतों के सबसे बड़े दुश्मन हैं. इन ड्रिंक्स में शुगर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है और साथ ही ये बहुत ज्यादा एसिडिक (Acidic) होते हैं. जब आप कोल्ड ड्रिंक पीते हैं, तो यह सीधे आपके दांतों के इनेमल पर हमला करती है. लगातार इसके सेवन से दांतों की सफेदी गायब होने लगती है, दांत पीले पड़ जाते हैं और मसूड़े कमजोर होने लगते हैं.

ये भी पढ़ें- डाइट में ले रहे हैं लो-कैलोरी स्वीटनर्स? कैम्ब्रिज स्टडी ने गट हेल्थ को लेकर बढ़ाई चिंता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं