सर गंगा राम हॉस्पिटल के प्लास्टिक, कॉस्मेटिक एवं हैंड माइक्रोसर्जरी विभाग ने एक युवा मां पर दूसरा सफल द्विपक्षीय (बिलैटरल) हाथ प्रत्यारोपण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है.मरीज ने चारा काटने वाली मशीन दुर्घटना में अपने दोनों हाथ खो दिए थे और वह दैनिक कार्यों के लिए पूरी तरह दूसरों पर निर्भर हो गई थी.अस्पताल के अनुसार, ब्रेन-डेड डोनर के परिजनों द्वारा ऊपरी अंग दान के लिए सहमति देने के बाद यह जीवन बदल देने वाली सर्जरी संभव हो सकी.

लगभग 12 घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी में दोनों हाथों का प्रत्यारोपण किया गया, जिसमें दाहिना हाथ सुप्राकॉन्डिलर स्तर पर तथा बायां हाथ डिस्टल फोरआर्म स्तर पर प्रत्यारोपित किया गया.सर गंगाराम अस्पताल में प्लास्टिक, कॉस्मेटिक और हैंड माइक्रो सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. महेश मंगल ने कहा, " इस प्रकार की सर्जरी पुनर्निर्माण माइक्रोसर्जरी के सबसे जटिल रूपों में से एक है और यह उन मरीजों को नया जीवन देती है जिन्होंने अपने दोनों हाथ और स्वतंत्रता खो दी है. "

डॉक्टरों के अनुसार, बिलैटरल हैंड ट्रांसप्लांट केवल सर्जरी नहीं, बल्कि एक अत्यंत सटीक और समन्वित प्रक्रिया है, जिसमें हर मिनट महत्वपूर्ण होता है. हमारा उद्देश्य केवल संरचना बहाल करना नहीं, बल्कि मरीज को गरिमा और कार्यक्षमता वापस दिलाना है.सर्जरी की जटिलता पर प्रकाश डालते हुए डॉ . भीम नंदा ने कहा, “लंबे समय तक इस्कीमिया के दौरान ऊतकों की जीवंतता बनाए रखना और रक्त प्रवाह बहाल करने से पहले स्थिर फिक्सेशन सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण चरण हैं.
सर गंगाराम अस्पताल में एसोसिएट कंसल्टेंट, प्लास्टिक, कॉस्मेटिक और हैंड माइक्रो सर्जरी डॉ. निखिल झुनझुनवाला ने कहा कि ऑपरेशन के बाद इम्यूनोसप्रेशन, पुनर्वास और फिजियोथेरेपी मरीज के दीर्घकालिक सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.अस्पताल ने डोनर और उनके परिवार के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस निस्वार्थ निर्णय ने मरीज को नया जीवन और उम्मीद दी है.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं