Periods Mein Khun Ki Kami Ko Kaise Dur Karein: महिलाओं में पीरियड्स या मासिक धर्म (Menstrual Cycle) एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है. अगर इस दौरान रक्तस्राव (Bleeding) बहुत ज्यादा हो तो यह शरीर में आयरन की कमी का बड़ा कारण बन सकता है. ऐसे में सुस्ती, दर्द, कमजोरी और ऐंठन जैसी समस्या बढ़ सकती है. हेल्थ एक्सपर्ट (Health Experts) इस दौरान ज्यादा से ज्यादा आयरन (Iron) का सेवन करने की सलाह देते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट महिलाओं को सलाह देते हैं कि पीरियड्स के समय कमजोरी, थकान (Fatigue) या चक्कर आने जैसे लक्षणों को कभी नजरअंदाज न करें. समय पर सही आहार और दवाओं से इस समस्या को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है.
हैवी मेंस्ट्रुअल ब्लीडिंग से आयरन तेजी से होता है कम
पीरियड्स के दौरान हर महीने गर्भाशय की परत (एंडोमेट्रियम) अगर गर्भ नहीं ठहरता तो टूटकर बाहर निकलती है. यह खून के रूप में 3 से 7 दिनों तक निकल सकता है. सामान्य तौर पर 30-80 मिलीलीटर खून निकलता है, लेकिन कुछ महिलाओं में यह 80 मिलीलीटर से ज्यादा हो जाता है, जिसे हैवी मेंस्ट्रुअल ब्लीडिंग (Heavy Menstrual Bleeding) कहते हैं. ज्यादा रक्तस्राव से शरीर में आयरन तेजी से कम होता है, क्योंकि खून में आयरन बहुत मात्रा में मौजूद होता है. आयरन की कमी से खून की कमी या एनीमिया (Anaemia) हो सकता है, जिसके लक्षणों में थकान, कमजोरी, सांस फूलना, चक्कर आना, बाल झड़ना और चेहरे का पीला पड़ना शामिल है.

यह भी पढ़ें: Neelbadi Ke Fayde: फल, पत्तियां, जड़… सब हैं दवा! जानिए इस चमत्कारी झाड़ी के बारे में
आयरन से भरपूर पालक-चुकंदर खाएं
नेशनल हेल्थ मिशन (National Health Mission) के अनुसार, पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग होने पर महिलाओं को खास ध्यान रखना चाहिए. इसके लिए सबसे जरूरी है आयरन-फोलिक एसिड टैबलेट (Iron-Folic Acid Tablet) का नियमित सेवन. ये टैबलेट डॉक्टर की सलाह से ली जाती हैं और खून में आयरन की मात्रा बढ़ाती हैं. साथ ही, आयरन से भरपूर आहार लेना भी बहुत जरूरी है. इसमें पालक, चुकंदर, अनार, गुड़, दालें, राजमा, चना, सूखे मेवे जैसे किशमिश, खजूर, बादाम आदि को शामिल करें.
विटामिन सी आयरन को सोखने में करता है मदद
साथ ही विटामिन सी आयरन को शरीर में बेहतर तरीके से अवशोषित करने में मदद करता है, इसलिए पीरियड्स के दौरान नींबू, संतरा, आंवला, कीवी, स्ट्रॉबेरी, अमरूद और टमाटर जैसे विटामिन सी से भरपूर फल खाएं. इन फलों को भोजन के साथ या बीच-बीच में लेने से आयरन का अवशोषण बढ़ता है.
महिलाओं को सलाह दी जाती है कि अगर पीरियड्स में रक्तस्त्राव ज्यादा हो रहा हो या थकान बहुत ज्यादा हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें. समय पर इलाज और सही पोषण से एनीमिया को रोका जा सकता है.
Watch Video: महिलाओं में इस खतरनाक बीमारी से लंग्स में होने लगती है ब्लीडिंग, जानें कारण, लक्षण और इलाज
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं