विज्ञापन

बार-बार बुखार, रात में पसीना और वजन घटना, क्या हैं लिंफोमा के संकेत?

बार-बार बुखार, रात में पसीना और वजन घटना, डॉ. अनिंद्य मुखर्जी से समझें लिंफोमा के शुरुआती संकेत कैसे होते हैं.

बार-बार बुखार, रात में पसीना और वजन घटना, क्या हैं लिंफोमा के संकेत?
NDTV

बार-बार बुखार आना, रात में अत्यधिक पसीना आना और बिना किसी प्रयास के वजन कम होना ऐसे लक्षण हैं जिन्हें लोग अक्सर सामान्य कमजोरी या संक्रमण समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन कुछ मामलों में ये लक्षण लिंफोमा (Lymphoma) जैसे ब्लड कैंसर के शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं.

हमारे शरीर में होने वाले कई बदलाव सामान्य होते हैं और कुछ समय बाद अपने आप ठीक भी हो जाते हैं. लेकिन जब बुखार बार-बार लौटे, रात में जरूरत से ज्यादा पसीना आए या बिना किसी कोशिश के वजन लगातार कम होने लगे, तो इन लक्षणों को केवल थकान या सामान्य संक्रमण मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. खासकर तब, जब ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें या इनके साथ शरीर में कोई बिना दर्द वाली गांठ भी महसूस हो.

लिंफोमा क्या है और यह शरीर को कैसे प्रभावित करता है?

लिंफोमा, लिंफैटिक सिस्टम से जुड़ा एक तरह का ब्लड कैंसर है. इसके लक्षण हर मरीज में एक जैसे नहीं होते. कई बार शुरुआत बहुत सामान्य लक्षणों से होती है. गर्दन, बगल या जांघ के पास बिना दर्द वाली लिंफ नोड की गांठ, लगातार थकान, बार-बार बुखार, रात में ज्यादा पसीना आना और बिना वजह वजन कम होना इसके कुछ संकेत हो सकते हैं.

लिंफोमा के शुरुआती लक्षण कौन-कौन से हैं?

डॉक्टर बुखार, रात में ज्यादा पसीना और बिना कोशिश के वजन कम होने को “B symptoms” कहते हैं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ये लक्षण दिखने पर व्यक्ति को लिंफोमा ही है. ऐसे लक्षण कई दूसरी बीमारियों और लंबे समय तक रहने वाले इंफेक्शन में भी हो सकते हैं. इसलिए सिर्फ इन symptoms के आधार पर खुद से कोई diagnosis करना सही नहीं है.

डॉक्टर जिन B Symptoms का जिक्र करते हैं, वे क्या हैं?

रात में पसीना आने की बात भी समझना जरूरी है. गर्मी की वजह से या कभी-कभार पसीना आना चिंता की बात नहीं है. लेकिन अगर रात में बार-बार इतना ज्यादा पसीना आए कि कपड़े या बिस्तर बदलने की जरूरत पड़े, तो इसे डॉक्टर को जरूर बताना चाहिए. इसी तरह अगर डाइट या एक्सरसाइज में कोई बदलाव किए बिना वजन लगातार कम हो रहा है, तो उसके पीछे की वजह जानना जरूरी है.

लिंफ नोड्स में बिना दर्द वाली गांठ को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. अगर गर्दन, बगल या जांघ में कोई गांठ कई हफ्तों तक बनी रहती है, धीरे-धीरे बढ़ती है या उसके साथ बुखार, रात में पसीना और वजन कम होने जैसे लक्षण भी हैं, तो डॉक्टर से जांच करानी चाहिए.

हालांकि, इन लक्षणों के कई दूसरे कारण भी हो सकते हैं. TB, लंबे समय तक रहने वाले इंफेक्शन, हार्मोन से जुड़ी समस्याएं और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता से जुड़ी कुछ बीमारियां भी इस तरह के लक्षण पैदा कर सकती हैं. इसलिए हर ऐसे मामले को कैंसर मान लेना सही नहीं होगा.

Also Read: लिंफ नोड्स कितने दिन तक सूजी रहें तो चिंता की बात है? कैंसर विशेषज्ञ ने बताया कब कराएं जांच

कब करानी चाहिए जांच और कौन से टेस्ट हो सकते हैं?

जांच के दौरान डॉक्टर मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और शारीरिक स्थिति को देखते हैं. जरूरत के अनुसार ब्लड टेस्ट, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन या दूसरी जांच कराई जा सकती हैं. अगर लिंफ नोड में किसी गंभीर बीमारी का संदेह होता है, तो बायोप्सी की सलाह दी जा सकती है. इससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि गांठ की वजह इंफेक्शन है, कोई दूसरी समस्या है या लिंफोमा जैसी बीमारी.

मेरी सलाह है कि अगर बुखार या रात में ज्यादा पसीना कुछ दिनों की बजाय लगातार बना हुआ है, वजन बिना किसी कोशिश के कम हो रहा है या शरीर में कोई बिना दर्द वाली गांठ महसूस हो रही है, तो इसे केवल कमजोरी या तनाव मानकर लंबे समय तक न टालें.

क्या हर बार बुखार और वजन घटना कैंसर का संकेत होता है?

हर बुखार कैंसर नहीं होता और हर वजन कम होना लिंफोमा का संकेत नहीं है. लेकिन जब कई लक्षण बिना किसी साफ वजह के एक साथ बने रहें, तो समय पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. सही समय पर जांच कराने से बीमारी की वजह स्पष्ट हो सकती है और अगर कोई गंभीर समस्या है, तो उसका इलाज भी समय रहते शुरू किया जा सकता है.

डॉ. अनिंद्य मुखर्जी शारदाकेयर हेल्थसिटी में मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट हैं. उन्हें ठोस ट्यूमर (Solid Tumours) और रक्त संबंधी कैंसरों (Hematologic Malignancies) के उपचार का व्यापक अनुभव है. कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी जैसी आधुनिक उपचार पद्धतियों में विशेषज्ञता रखने वाले डॉ. मुखर्जी सटीक निदान, व्यक्तिगत उपचार योजना और साक्ष्य-आधारित चिकित्सा पर जोर देते हैं. मरीज-केंद्रित देखभाल और कैंसर अनुसंधान में उनकी सक्रिय भागीदारी उन्हें ऑन्कोलॉजी क्षेत्र के समर्पित विशेषज्ञों में शामिल करती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health, Cancer, Lymphoma, Lymphoma Causes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com