Can eating bread increase weight without eating too much: ब्रेड हमारे रोजमर्रा के खाने का अहम हिस्सा है. सुबह का नाश्ता हो या जल्दी में बना लंच, ब्रेड (Bread) अक्सर सबसे आसान ऑप्शन बन जाती है. लेकिन अब एक नई स्टडी (New Study) ने इसे लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. रिसर्च के मुताबिक, ब्रेड और दूसरे कार्बोहाइड्रेट फूड्स (Carbohydrate Foods) सिर्फ पेट भरने का काम नहीं करते, बल्कि शरीर के मेटाबॉलिज्म (Metabolism) पर भी असर डाल सकते हैं. हैरानी की बात यह है कि बिना ज्यादा कैलोरी (Calorie) लिए भी वजन बढ़ सकता है.
क्या कहती है स्टडी?
जापान की Osaka Metropolitan University के वैज्ञानिकों ने इस विषय पर रिसर्च की. इस स्टडी में चूहों पर अलग-अलग तरह के डाइट पैटर्न (Diet Pattern) का असर देखा गया. उन्हें ब्रेड, चावल और गेहूं जैसे कार्ब्स (Carbs) दिए गए और उनके खानपान व शरीर में बदलाव को ट्रैक किया गया.
कम कैलोरी के बावजूद बढ़ा वजन
स्टडी में पाया गया कि चूहों ने कार्बोहाइड्रेट वाले फूड्स को ज्यादा पसंद किया और अपना सामान्य खाना छोड़ दिया. दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने ज्यादा कैलोरी नहीं खाई, फिर भी उनका वजन (Weight) और शरीर में फैट (Fat) बढ़ गया. इससे यह संकेत मिलता है कि वजन बढ़ने का कारण सिर्फ ज्यादा खाना नहीं, बल्कि शरीर का एनर्जी (Energy) खर्च कम होना भी हो सकता है.

मेटाबॉलिज्म पर पड़ा असर
रिसर्च में यह भी सामने आया कि कार्ब्स खाने के बाद शरीर की एनर्जी खर्च करने की क्षमता कम हो गई. यानी शरीर कम कैलोरी बर्न कर रहा था. इसके अलावा खून में फैटी एसिड (Fatty Acid) का स्तर बढ़ा और लिवर में फैट जमा होने लगा. यह बदलाव इस बात की ओर इशारा करते हैं कि लगातार ज्यादा कार्ब्स लेने से मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ सकता है.
क्या ब्रेड ही है वजह?
वैज्ञानिकों के अनुसार, यह असर सिर्फ ब्रेड तक सीमित नहीं है. चावल और गेहूं जैसे दूसरे कार्बोहाइड्रेट फूड्स में भी इसी तरह के परिणाम देखे गए. यानी समस्या किसी एक फूड में नहीं, बल्कि कार्ब्स की ज्यादा मात्रा और शरीर की प्रतिक्रिया में हो सकती है.
आगे क्या कहती है रिसर्च
वैज्ञानिकों का कहना है कि अब इस स्टडी को इंसानों पर भी लागू करके देखा जाएगा. साथ ही यह समझने की कोशिश की जाएगी कि साबुत अनाज, फाइबर (Fibre) और प्रोटीन (Protein) के साथ कार्ब्स लेने से शरीर पर क्या असर पड़ता है.
अगर आप वजन कंट्रोल (Weight Control) करना चाहते हैं, तो सिर्फ कैलोरी गिनना ही काफी नहीं है. जरूरी है कि आप संतुलित डाइट (Balanced Diet) लें और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा पर भी ध्यान दें.
Watch Video: मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं