आजकल वजन कम करना हो, बॉडी बनानी हो या फिट रहना हो, तो सबसे पहले लोग हाई प्रोटीन डाइट शुरू कर देते हैं. सोशल मीडिया पर भी प्रोटीन से जुड़ी कई बातें देखने को मिलती हैं. लेकिन क्या सिर्फ ज्यादा प्रोटीन खाना ही सही तरीका है? जवाब है नहीं. अगर बिना सोचे-समझे या अपनी जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लिया जाए, तो इसका नुकसान भी हो सकता है. कई लोग इस चक्कर में फल, सब्जियां, अनाज और पानी जैसी जरूरी चीजों पर ध्यान नहीं देते. यही छोटी-छोटी गलतियां आगे चलकर पेट और किडनी से जुड़ी परेशानियां बढ़ा सकती हैं. इसलिए हाई प्रोटीन डाइट शुरू करने से पहले कुछ जरूरी बातें जान लेना बहुत जरूरी है.
जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेना सही नहीं
प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि जितना ज्यादा खाएंगे उतना अच्छा होगा. अगर किसी को पहले से किडनी की बीमारी, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर है, तो उसे बिना डॉक्टर की सलाह के हाई प्रोटीन डाइट नहीं लेनी चाहिए. एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे लोगों में ज्यादा प्रोटीन किडनी पर ज्यादा दबाव डाल सकता है.
सिर्फ प्रोटीन नहीं, पूरी डाइट का रखें ध्यान
कई लोग हाई प्रोटीन डाइट के दौरान रोटी, फल और सब्जियां कम कर देते हैं. इससे शरीर को फाइबर और दूसरे जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते. इसका असर पेट पर पड़ सकता है. कब्ज, गैस और पेट भारी रहने जैसी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं. इसलिए खाने में दाल, दूध, अंडा या चिकन के साथ फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज भी जरूर शामिल करें.
पानी कम पीना भी पड़ सकता है भारी
अगर आप ज्यादा प्रोटीन ले रहे हैं, तो दिनभर में भरपूर पानी पीना भी जरूरी है. कम पानी पीने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है. इससे थकान महसूस हो सकती है और किडनी पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए हाई प्रोटीन डाइट के साथ पानी पीने की आदत बिल्कुल न छोड़ें.
क्या करें
अगर आपका मकसद वजन कम करना या मसल्स बनाना है, तो अपनी उम्र, वजन और जरूरत के हिसाब से ही प्रोटीन लें. किसी की देखादेखी डाइट फॉलो करने की बजाय डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेना बेहतर रहेगा. सही मात्रा में प्रोटीन और बैलेंस डाइट ही लंबे समय तक आपको फिट और हेल्दी रख सकती है.
ये भी पढ़ें: क्या ‘गूगल मच्छर गैंग' डेंगू फैलाने वाले मच्छरों को कम कर पाएगी? जानिए इस तकनीक और इसकी चुनौतियों को
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं