विज्ञापन

बच्चों और बुजुर्गों को हीटवेव का खतरा सबसे ज्यादा, जानें लक्षण और बचाव के आसान उपाय

Heatwaves Prevention Tips: गर्मियों के मौसम में खुद को सेहतमंद रखने के साथ-साथ बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें. इस आर्टिकल में जानें हीटवेव से बचने के लिए क्या करें.

बच्चों और बुजुर्गों को हीटवेव का खतरा सबसे ज्यादा, जानें लक्षण और बचाव के आसान उपाय
Heatwaves Symptoms: हीटवेव से कैसे बचें.

Heatwaves Tips: देश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और हीटवेव या लू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. विशेषज्ञों के अनुसार, इन आयु वर्ग के लोगों का शरीर तापमान को जल्दी नियंत्रित नहीं कर पाता, जिससे वे लू की चपेट में जल्दी आ सकते हैं. 

नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के अनुसार, बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में लू लगने का खतरा सबसे ज्यादा होता है. इनकी उम्र के कारण शरीर तापमान को जल्दी नियंत्रित नहीं कर पाता, जिससे डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. ऐसे में इन दोनों आयुवर्ग के लोगों की विशेष देखभाल जरूरी है.

Latest and Breaking News on NDTV

बच्चों का शरीर अभी पूरी तरह विकसित नहीं होता और उनकी पसीने की ग्रंथियां भी कम सक्रिय होती हैं. वहीं, बुजुर्गों में कई बार दवाइयों का असर या कमजोर स्वास्थ्य के कारण शरीर गर्मी को सहन नहीं कर पाता. दोनों ही मामलों में लू लगने की आशंका बढ़ जाती है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी से इन जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

लू लगने के मुख्य लक्षण- (Symptoms Of Heat Stroke)

  • चक्कर आना 
  • तेज सिरदर्द
  • ज्यादा पसीना आना
  • अचानक कमजोरी महसूस होना 
  • मतली या उल्टी जैसा लगना 

अगर किसी बच्चे या बुजुर्ग में ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और उन्हें ठंडी जगह पर ले जाएं. ऐसे में एनएचएम सुरक्षा के आसान और प्रभावी उपाय भी बताता है. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Freepik

हीटवेव से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके- (Home Remedies For Heat Stroke)

  1. पानी ज्यादा पिएं - बच्चों और बुजुर्गों को बार-बार पानी पिलाएं. सामान्य पानी के साथ नींबू पानी, छाछ या ओआरएस घोल भी दिया जा सकता है. डिहाइड्रेशन से बचने के लिए तरल पदार्थों का सेवन जरूरी है.
  2. धूप से बचाव- बाहर निकलते समय सिर पर टोपी, आंखों पर चश्मा और हल्के, ढीले, सूती कपड़े पहनें. इससे शरीर की गर्मी आसानी से बाहर निकल सके.
  3. दोपहर के समय घर में रहें- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर ही रखें. इस समय सूर्य की किरणें सबसे तेज होती हैं.
  4. हल्का और पौष्टिक खाना- भोजन में ज्यादा तेल-मसाले वाले भारी खाने से बचें. फल, सब्जियां, दही और हल्का खाना दें जो शरीर को ठंडक प्रदान करे और सुपाच्य हो.
  5. परहेज रखें- शराब, ज्यादा कैफीन वाली चीजें और बहुत ठंडे ड्रिंक पदार्थों से दूर रहें. ये शरीर के तापमान को असंतुलित कर सकते हैं. प्राकृतिक शरबत या जूस का सेवन करें.
  6. शरीर की निगरानी- बच्चों और बुजुर्गों पर लगातार नजर रखें. अगर वे थकान महसूस करें या खेलने-घूमने में कम रुचि दिखाएं तो उन्हें आराम कराएं व डॉक्टर से सलाह लें.

नोटः स्वास्थ्य विभाग की सलाह है कि गर्मी के मौसम में घरों में पंखे, कूलर या एसी का इस्तेमाल करें और कमरों को ठंडा रखें. अगर किसी को लू लगने का शक हो तो उसे ठंडे पानी से नहलाएं, गीले कपड़े से शरीर पोछें और तुरंत चिकित्सकीय मदद लें. इन आसान उपायों से बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी की मार से बचा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- 50 की उम्र पार, फिर भी मां बनने की तैयारी, बॉम्बे हाईकोर्ट ने क्या कहा? समझिए पूरा मामला

क्या पेट्स रखने से अस्थमा हो सकता है? डॉक्टर से जानिए 

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com