
हरियाणा में एक बार फिर नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. इसमें पीएम मोदी और अमित शाह समेत एनडीए के सहयोगी और बीजेपी शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री शामिल हुए. नायब सिंह सैनी के बाद अनिल विज ने शपथ ली. अनिल विज अंबाला कैंट से विधायक चुए गए हैं. अनिल विज के बाद कृष्ण लाल पंवार जो इसराना से विधायक हैं उन्होंने शपथ ली. कृष्णलाल के बाद राव नरवीर सिंह ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली. वो बादशाहपुर से एमएलए हैं.

इनके बाद महिपाल ढांडा ने शपथ ली. ढांडा पानीपत ग्रामीण से विधायक हैं. विपुल गोयल ने भी शपथ ले ली है. उन्हें भी कैबिनेट मंत्री बनाया जाना है. डॉ. अरविंद शर्मा गोहाना ने भी मंत्रीपद की शपथ ली. श्याम सिंह राणा ने भी शपथ ली वे रादौर से विधायक हैं. बरवाला से रणवीर सिंह गंगवा ने भी शपथ ली है. उन्हें राज्यमंत्री बनाया जाएगा. रणवीर सिंह के बाद कृष्ण बेदी ने शपथ ली. इसके बाद श्रुति चौधरी ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली. श्रुति चौधरी को भी राज्य मंत्री बनाया गया है. आरती राव ने भी शपथ ली, वह भी राज्यमंत्री बनाई गई हैं.
इस क्रम में शपथ ले रहे मंत्री
नाम | पद | विधानसभा |
अनिल विज | कैबिनेट मंत्री | अंबाला कैंट |
राव नरवीर सिंह | कैबिनेट मंत्री | बादशाहपुर |
महिपाल ढांडा | कैबिनेट मंत्री | पानीपत ग्रामीण |
विपुल गोयल | कैबिनेट मंत्री | फरीदाबाद |
डॉ अरविंद शर्मा | कैबिनेट मंत्री | गोहाना |
श्याम सिंह राणा | राज्य मंत्री | रादौर |
रणवीर सिंह गंगवा | राज्य मंत्री | बरवाला |
कृष्ण बेदी | राज्य मंत्री | नरवाना |
श्रुति चौधरी | राज्य मंत्री | तोशाम |
आरती राव | राज्य मंत्री | अटेली |
राजेश नागर | राज्य मंत्री | तिगांव |
गौरव गौतम | राज्य मंत्री | पलवल |
दूसरी बार सूबे के मुखिया बने नायब सैनी
नायब सिंह सैनी लगातार दूसरी बार हरियाणा के सीएम बने हैं. इससे पहले उन्होंने 12 मार्च 2024 को हरियाणा की बागडोर संभाली थी. उनके नेतृत्व में ही बीजेपी ने हरियाणा में चुनाव लड़ा और पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में एक बार फिर वापसी की. इस चुनाव में बीजेपी को कुल 48 सीटें मिली हैं. वहीं कांग्रेस को 37 सीटों पर जीत हासिल हुई है. आपको बता दें कि हरियाणा में बीजेपी की लगातार तीसरे बार सरकार बन गई है. अगर बात नायब सिंह सैनी की करें तो वह हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं. वह 2019 में सांसद भी चुने गए थे.

पहले दूंगा नौकरी फिर लूंगा शपथ
नायब सिंह सैनी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह को लेकर बुधवार को एक बड़ा ऐलान किया था. उन्होंने बुधवार को कहा था कि हमने चुनाव से पहले ये वादा किया था कि हम सत्ता में वापसी करने के बाद पहले 24 हजार युवाओं को नौकरी देंगे.उन्होंने आगे कहा कि मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि जिन युवाओं को चयन हुआ है उनका रिजल्ट अब तैयार है. मैं कल शपथ लेने से पहले 24 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दूंगा.इसके बाद ही मैं राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लूंगा. भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में हरियाणा की जनता से ये वादा किया था. अब हम इसे पूरा करने जा रहे हैं. मैं आपसे ये कहना चाहूंगा कि बीजेपी जो वादा करती है उसे सत्ता में वापसी करते ही पूरा भी करती है. हम सिर्फ वादे करने में ही विश्वास नहीं करते, हम उन्हें पूरा करने में भी उतना ही भरोसा करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं