विज्ञापन

सोनीपत में प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या, मृतक को लगीं 4 बुलेट; रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी

हरियाणा के गोहाना में प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र पहल की 13 राउंड फायरिंग कर हत्या कर दी गई. 4 गोलियां लगने से मौत हुई. रोहित गोदारा गैंग के शार्प शूटर वीरेंद्र चारण ने सोशल मीडिया पर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है.

सोनीपत में प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या, मृतक को लगीं 4 बुलेट; रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी
हरियाणा के सोनीपत गोलियों से भूनकर हत्या
NDTV
सोनीपत:

हरियाणा में सोनीपत के गोहाना से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. रोहतक रोड पर होंडा शोरूम के पास अज्ञात बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भून कर हत्या कर दी. चार गोलियां लगने से प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई. मौके से बरामद 13 खाली खोखे इस बात की गवाही दे रहे हैं कि हमलावरों ने किस कदर अंधाधुंध फायरिंग की. मृतक की पहचान आदर्श नगर गोहाना निवासी बिजेंद्र पहल के रूप में हुई है. वह मूल रूप से गन्नौर के गांव गुमड़ का रहने वाला था और लंबे वक्त से गोहाना में रह रहा था. वारदात के बाद पुलिस कमिश्नर ममता सिंह सहित क्राइम ब्रांच, एसटीएफ और सीआईए की टीमों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की.

जानकारी के मुताबिक, बिजेंद्र पहल गोहाना में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे. गोहाना में रोहतक रोड पर होंडा शोरूम के पास शिवम प्रॉपर्टीज के नाम से उनका ऑफिस है. शाम करीब साढ़े छह बजे वे अपने ऑफिस से घर जाने के लिए निकले थे. जैसे ही वे अपनी गाड़ी में बैठने लगे पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया. हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में चार गोलियां लगने से बिजेंद्र की मौत हो गई. 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस कमिश्नर ममता सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. क्राइम ब्रांच, एसटीएफ, सीआईए और अन्य जांच टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं. फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं. 

फिलहाल, हमलावरों की पहचान अभी तक सामने नहीं आई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खानपुर स्थित भगत फूल सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया.

पुलिस ने क्या कहा?

एसीपी राजीव कुमार ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस को फायरिंग की जानकारी मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर ममता सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं.

प्रापर्टी डीलर की इस हत्याकांड की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है. सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रोहित गोदारा गैंग के शार्प शूटर वीरेंद्र चारण ने इसकी जिम्मेदारी ली है. बिजेंद्र पहल ने 2021 में रामपाल बरोदा पर हमला किया था. वीरेंद्र चारण ने पोस्ट में कहा कि हमने अपने भाई का बदला लिया. हमारे दुश्मन तैयार रहें, अपनी अर्थी का सामान अपने घर की चौखट पर रख लें. सोनीपत पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट पर भी जांच कर रही है.

फिलहाल, हत्या के पीछे की वजहों और हमलावरों की पहचान का पता नहीं चल पाया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

(इनपुट- रमेश कुमार)

यह भी पढ़ें | गोहाना मर्डर केस में गैंगस्टर कनेक्शन? सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी

यह भी पढ़ें | अलवर का हरिचंद अमेरिका जाकर कैसे बना हैरी बॉक्सर? पिछले साल मरते-मरते बचा, अब कैलिफोर्निया से गिरफ्तार

यह भी पढ़ें | 'शैडो कैबिनेट' चलाता है जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई का नेटवर्क, ऐसे काम करता है ये इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana, Sonipat, Rohit Godara, Gohana, Haryana Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com