Gurugram Mother Kills Daughter: गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने इंसानियत और रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सेक्टर‑9 थाना क्षेत्र में एक मां ने अपनी ही ढाई साल की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने खुद को भी कैंची से घायल कर आत्महत्या की कोशिश की. घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है और हर कोई यही पूछ रहा है कि एक मां इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकती है.
गुरुग्राम से साहिल मनचंदा की रिपोर्ट...
रिश्तों का कत्ल, मां बनी कातिल
यह सनसनीखेज मामला गुरुग्राम के सेक्टर‑9 इलाके का है. यहां रहने वाली एक महिला ने अपनी ढाई साल की बेटी की हत्या कर दी. मासूम बच्ची की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. किसी को यकीन नहीं हो रहा कि एक मां, जो बच्चे के लिए भगवान से बढ़कर मानी जाती है, वही उसकी जान ले सकती है.
हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश
बच्ची की हत्या करने के बाद आरोपी महिला ने खुद को भी कैंची से घायल कर लिया. बताया जा रहा है कि महिला ने आत्महत्या करने की नीयत से यह कदम उठाया, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
पारिवारिक विवाद की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इलाके में पुलिस मौजूद है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पुलिस प्रवक्ता संदीप के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति‑पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद होता रहता था. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि किस वजह से महिला ने इतना खौफनाक कदम उठाया. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मृत बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस वारदात की असली वजह सामने आ पाएगी. फिलहाल पूरे मामले ने समाज को झकझोर कर रख दिया है और लोग ऐसी घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं