फरीदाबाद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर किए गए हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया था. मामले की जांच के दौरान हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी गई है.
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव नीमका निवासी साहिल (26) और पवन (27) के रूप में हुई है. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया. अब अपराध शाखा की टीम उनसे वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों, इस्तेमाल किए गए हथियारों और पूरी साजिश के बारे में पूछताछ कर रही है.
ठेके पर बैठा था युवक, तभी पहुंच गए हमलावर
पुलिस के मुताबिक, गांव नीमका निवासी राकेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त 2026 को उसका भाई विनोद अपने तीन दोस्तों के साथ गांव नीमका-फज्जूपुर स्थित एक ठेके पर रुका हुआ था. इसी दौरान दो काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियां वहां पहुंचीं. गाड़ियों से साहिल, भज्जी और उनके अन्य साथी नीचे उतरे. आरोप है कि सभी के हाथों में लोहे की रॉड और डंडे थे. इसके बाद उन्होंने विनोद को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया. हमले में विनोद घायल हो गया.
हाथ टूटने की रंजिश बनी हमले की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पवन की विनोद के साथ पुरानी रंजिश थी. पुलिस के अनुसार, पहले हुए एक विवाद में विनोद और उसके साथियों पर पवन का हाथ तोड़ने का आरोप था. इसी घटना का बदला लेने के लिए पवन ने अपने दोस्तों के साथ योजना बनाई. जांच में पता चला कि 16 अगस्त को आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंचे. वहां पवन ने लोहे की रॉड से हमला किया जबकि साहिल ने डंडों से वार किए.
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर मामले की गहन जांच कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं