विज्ञापन
This Article is From Sep 23, 2019

उम्मीदवारी के आवेदन पत्र में अपने सात्विक होने और खादी पहनने की जानकारी को साझा करें : हरियाणा कांग्रेस प्रमुख

हरियाणा में सत्ता में वापसी के अपने प्रयास में कांग्रेस ने आक्रमक रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने लोगों के साथ वादाखिलाफी की है.

उम्मीदवारी के आवेदन पत्र में अपने सात्विक होने और खादी पहनने की जानकारी को साझा करें : हरियाणा कांग्रेस प्रमुख
हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा
नई दिल्ली:

हरियाणा में सत्ता में वापसी के अपने प्रयास में कांग्रेस ने आक्रमक रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने लोगों के साथ वादाखिलाफी की है. पार्टी ने कहा है कि राज्य में बेरोजगारी दर 28 प्रतिशत हो गई है जो अब तक का रिकार्ड है. हरियाणा की 90 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव 21 अक्टूबर को होने हैं. 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे. जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने जा रही कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह अपनी उम्मीदवारी के आवेदन पत्र में अपने सात्विक होने और खादी पहनने की जानकारी को साझा करें. पूर्व केंद्रीय मंत्री व हरियाणा कांग्रेस प्रमुख कुमारी शैलजा ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "प्रत्येक चुनाव चुनौतीपूर्ण होता है और यह भी इससे अलग नहीं है." उन्होंने कहा, "2014 में भाजपा ने अपने घोषणापत्र में 154 वादे किए, लेकिन उनमें से एक भी पूरा नहीं किया. उन्होंने विवादास्पद मुद्दों को उठाया और यह भी नहीं देखा हरियाणा की जनता किस हाल में है."

शैलजा ने कहा, "वे असल मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाना चाहते हैं और दूसरे मुद्दों को यह सोचकर सामने रखते हैं कि जनता उनपर भरोसा करेगी और उन्हें वोट देगी." उन्होंने आगे कहा, "लेकिन, मुझे 100 प्रतिशत विश्वास है कि जनता भाजपा के झूठ को समझेगी और इस विधानसभा चुनाव में उन्हें अच्छा सबक सिखाएगी." हरियाणा में कांग्रेस 2004 से 2014 तक सत्ता में रही थी, लेकिन 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में वह केवल 15 सीटें जीत पाई, जबकि भाजपा ने 47 सीटें जीतीं. बेरोजगारी को राज्य का सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए शैलजा ने कहा, "मुझे यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि खट्टर सरकार के दौरान बेरोजगारी की दर 28 प्रतिशत पर पहुंच गई है जो देश में सर्वाधिक है." कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 4 सितम्बर को प्रदेश कांग्रेस की कमान कुमारी शैलजा को सौंपी थी. 

शैलजा ने भाजपा सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप भी लगाया. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक कुलदीप सिंह बिश्नोई के खिलाफ 'जांच एजेंसियों के दुरुपयोग' का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "आप देख सकते हैं वे कितने चुनिंदा हैं." उन्होंने कहा, "वे कांग्रेस से डरते हैं, इसलिए हमारे नेताओं पर निशाना साध रहे हैं. आम जनता कांग्रेस के साथ है और भाजपा अब हमारे नेताओं पर निशाना साध रही है." आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों के 'दुरुपयोग' के लिए भाजपा की निंदा करते हुए शैलजा ने कहा, "वह एजेंसियों का दुरुपयोग कर सकते हैं लेकिन अंत में देश के कानून की ही चलेगी. मुझे पूरी उम्मीद है कि ना सिर्फ न्यायपालिका से बल्कि चुनावों के माध्यम से भी न्याय होगा."

कांग्रेस नेता ने कहा कि लोग ना सिर्फ भाजपा की बदले की राजनीति को देख रहे हैं बल्कि यह भी देख रहे हैं कि कैसे भाजपा असल मुद्दों से देश का ध्यान भटकाती है. उम्मीदवारी के आवेदन पत्र में अपने सात्विक होने और खादी पहनने की जानकारी को साझा करने के सवाल के जवाब में शैलजा ने कहा, "पार्टी के पुराने दिनों के समय से यह बात चली आ रही है. हम सभी महात्मा गांधी जी के शिष्य हैं." पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपने उम्मीदवारों की सूची कब जारी करेगी, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "सूची को जल्द जारी किया जाएगा. चुनाव की तारीख तय हो गई है, बहुत कम समय है, इसलिए हम जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी सूची जारी करने का प्रयत्न करेंगे."

अन्य खबरें :

हरियाणा में Congress शराब न पीने वालों को ही देगी टिकट, तय किये 10 मानक

BJP अध्यक्ष अमित शाह बोले, महाराष्ट्र और हरियाणा में हमारी सरकारों ने विकास को नई ऊंचाई दी है, इसलिये...

हरियाणा विधानसभा चुनाव : मनोहर लाल खट्टर के सामने चुनौतियां या राह आसान

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana Vidhan Sabha Election, Haryana News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com