सूरत में लगातार हो रही बारिश के बीच कल शाम रांदेर इलाके में एक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. एक युवक उस वक्त करंट की चपेट में आ गया जब वह घर की लोहे की सीढ़ी पर था. जान बचाने के लिए दौड़ा पड़ोसी भी उसी करंट की चपेट में आ गया. दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. कुछ ही मिनटों में दो घरों के कमाने वाले लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया.
दरअसल, रांदेर गांव की बड़ी मस्जिद के पास स्थित सुजातखान स्ट्रीट में रहने वाला 28 वर्षीय आजम आलम मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था. सोमवार शाम तेज बारिश के दौरान वह बाहर भीगने के बाद घर लौटा. बताया जा रहा है कि जैसे ही वह लोहे की सीढ़ी से ऊपर जाने लगा, सीढ़ी में दौड़ रहे करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. तेज झटके के कारण वह वहीं फंस गया और मदद के लिए चीखने लगा. आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले यह हादसा और भी भयावह हो गया.
आजम को बचाने की कोशिश में सलमान की भी मौत
आजम की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले 43 वर्षीय मोहम्मद सलमान उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े. उन्होंने जैसे ही आजम को छुड़ाने की कोशिश की, करंट उनके शरीर में भी उतर गया. दोनों वहीं गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने बिजली की सप्लाई बंद करवाई और काफी मशक्कत के बाद दोनों को करंट से अलग किया. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
आजम की पत्नी शव को देख हुई बदहवास
इस हादसे के बाद अस्पताल का माहौल बेहद गमगीन हो गया. एक तरफ आजम की पत्नी अपने पति के शव को देखकर बदहवास हो गई, वहीं दूसरी ओर सलमान के छोटे छोटे बच्चों को समझ ही नहीं आ रहा था कि उनके पिता अब कभी वापस नहीं आएंगे. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था और अस्पताल में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं.
मकान मालिक को ठहराया मौत का जिम्मेदार
मृतक सलमान के भांजे शेख सलाउद्दीन ने इस पूरे हादसे के लिए मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराया है. उनका आरोप है कि जिस मकान में यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई बार करंट आने की शिकायत की गई थी. सीढ़ियों, दीवारों और घर के दूसरे हिस्सों में करंट महसूस होने की जानकारी बार-बार मकान मालिक को दी गई, लेकिन हर बार शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया. उनका कहना है कि अगर समय रहते बिजली की खराबी ठीक करवा दी जाती, तो आज उनके मामा और उनके पड़ोसी दोनों जिंदा होते.
रिक्शा चलाकर परिवार को पालता था सलमान
सलमान की पत्नी चांदनी ने भी रोते हुए बताया कि उनके पति किसी विवाद में नहीं, बल्कि सिर्फ एक इंसान की जान बचाने के लिए बाहर निकले थे. उन्होंने कहा कि पहले भी मकान मालिक को कई बार बताया गया था कि लोहे की सीढ़ी और घर के दूसरे हिस्सों में करंट आता है, लेकिन उसने कभी इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया. चांदनी ने कहा कि उनके पति रिक्शा चलाकर पूरे परिवार का पालन-पोषण करते थे. अब चार छोटे बच्चों का भविष्य अधर में है और परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया है.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही रांदेर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में मामला करंट लगने से हुई मौत का सामने आया है. हालांकि पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मकान की बिजली व्यवस्था में कोई लापरवाही थी या नहीं, पहले शिकायत की गई थी तो उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं