फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप 'K' का एक रोमांचक मुकाबला बीते बुधवार (17 जून 2026) को पुर्तगाल और डीआर कांगो (Portugal vs DR Congo) के बीच ह्यूस्टन स्टेडियम में खेला गया. मैच से पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि यह मुकाबला पुर्तगाल की टीम आसानी से अपने नाम कर लेगी. मगर मैच जब समाप्त हुआ तो रोनाल्डो के चाहने वाले निराश थे. मैच के दौरान उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा. यही नहीं टीम को कांगो के खिलाफ ड्रॉ पर मैच को समाप्त करना पड़ा. जिससे लोगों की निराशा और बढ़ गई. मगर मैच के दौरान एक ऐसा भी नाम रहा जिसके खेल को देख हर कोई हैरान था. वो थे डीआर कांगो के सेंटर स्ट्राइकर योन वीसा (Yoane Wissa). पुर्तगाल की टीम ने छठे मिनट में ही जोआओ नेविस के शानदार हेडर के बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली थी. मगर इंजरी टाइम (45+5 मिनट) में योन वीसा ने भी हेडर के जरिए गोल दागते हुए अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. अंत में उनका यही गोल कांगो को बचाने में भी कामयाब रहा. मुकाबला एक-एक की बराबरी के साथ समाप्त हुआ.
पुर्तगाल जैसी टीम के खिलाफ गोल दागने के बाद योन वीसा एकाएक सुर्खियों में आ गए हैं. हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है. अगर आप भी सेंटर स्ट्राइकर के बारे में सर्च कर रहे हैं तो उनसे संबधित कुछ रोचक तथ्य हम आप तक लेकर आए हैं, जो कुछ इस प्रकार है-
कौन हैं योन वीसा?
योन वीसा का जन्म तीन सितंबर साल 1996 में फ्रांस के विलेन्यूवे-सेंट-जॉर्जेस में हुआ था. यहीं पर उन्होंने अपने शुरुआती करियर का आगाज किया. बाद में उन्होंने ब्रेंटफोर्ड के साथ प्रीमियर लीग में खूब नाम कमाया. 29 वर्षीय वीसा की गति, फुर्ती और सटीक फिनिशिंग का जल्द ही हर कोई दीवाना हो गया. उनके लगातार बेहतरीन खेल को देखते हुए पिछले साल यानी कि 2025 में न्यूकैसल यूनाइटेड ने ब्रेंटफोर्ड के साथ कथित तौर पर 55 मिलियन पाउंड का करार करते हुए अपने बेड़े में शामिल कर लिया. हालांकि, नई टीम के साथ जुड़ने के बाद उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. इंटरनेशनल ड्यूटी के दौरान लगी चोट की वजह से उनका खेल प्रभावित होता रहा. जिसके बाद उनके खेल पर सवाल उठने लगे थे. मगर उन्होंने अब फीफा वर्ल्ड में कांगो की तरफ से गोल दागते हुए हर किसी को अपना दीवाना बना दिया है.
फीफा में गोल दागने वाले कांगो के पहले फुटबॉलर बने वीसा
पुर्तगाल के खिलाफ पिछले मुकाबले में वीसा की तरफ से लगाया गोल फीफा वर्ल्ड कप में कांगो का पहला गोल है. टीम ने पहली बार साल 1974 में प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था. उस दौरान कांगो की तरफ से एक गोल भी देखने को नहीं मिला था. अब 52 साल बाद फिर से फीफा में टीम आई है. जहां पहले मुकाबले में ही वीसा ने गोल दागते हुए अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया है.
यह भी पढ़ें- FIFA 2026 में रोनाल्डो का फीका आगाज, सोशल मीडिया पर फैंस ने उठाए सवाल, 'क्या पुर्तगाल की कोई परवाह नहीं?'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं