फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत पूर्व वर्ल्ड चैंपियन स्पेन और अटैकिंग मिडफ़ील्डर मिकेल ओयारज़ाबाल के लिए बेशक अच्छी नहीं रही, लेकिन ‘बिगफ़ुट' मिकेल ने सबक़ लेने में ज़्यादा वक्त नहीं लिया. 5.5 लाख की आबादी वाले केप वेर्दे टीम के ख़िलाफ़ रियाल सोशियाडाड के कप्तान ओयारज़ाबाल पहले 30 मिनट तक गेंद को छू भी नहीं पाए थे. 1966 वर्ल्ड कप के 62 साल बाद ये कारनामा पहली बार हुआ था.पूर्व वर्ल्ड चैंपियन स्पेन ने केप वेर्दे के ख़िलाफ़ पहला मुक़ाबला 0-0 से ड्रॉ खेला.
स्पेन के प्रेस ने ओयारज़बाल को ‘0' कहा
वर्ल्ड नंबर 3 और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन स्पेन के ख़िलाफ़ वर्ल्ड नंबर 63 केप वेर्दे के 40 साल के गोलकीपर वोज़िन्हा हीरो बन गए और स्पेन में प्रेस ने ओयारज़बाल की धज्जियां उड़ा दीं. इससे पहले स्पेन के लिए 54 मैचों में 25 गोल कर चुके ओयारज़ाबाल पर बड़े सवाल खड़े होने लगे. एक टैब्लॉयड ने उनकी तस्वीर के साथ ‘0' भी छापा.
2 गोल और एक असिस्ट ने बनाया हीरो
लेफ़्ट-फ़ुटर अटैकिंग मिडफ़ील्डर ओयारज़ाबाल स्टील के बने हैं. अमेरिका के अटलांटा स्टेडियम में स्पेन के दूसरे मैच में सऊदी अरब के ख़िलाफ़ 29 साल के ओयारज़बाल एक्स्ट्रा बैटरी लेकर उतरे. रियाल सोशियाडाड के लिए 349 मैचों में 100 गोल करनेवाले ओयारज़ाबाल ने मैच के पहले ही हाफ़ में यामिल के गोल के लिए असिस्सट के साथ खुद दो गोल अपने नाम कर लिए. पहले डिहाइड्रेशन ब्रेक या पानी के ब्रेक से पहले ओयारज़बाल और वंडरकिड लैमिन यामाल ने स्पेन के लिए तीन गोल (3-0) ठोक डाले.
टॉप पर, पर नॉकआउट में नहीं
मैच के दूसरे हाफ़ के चौथे मिनट में ही हसन अल टमबक्टि के सेल्फ़ गोल ने स्कोर को सऊदी अरब के ख़िलाफ़ 0-4 कर दिया. ग्रुप-H के इस मैच के बाद 4-0 से मैच जीतकर स्पेन की टीम ग्रुप-H में 4 अंक बनाते हुए टॉप पर पहुंच गई. ग्रुप- H में टिका-टाका स्टाइल से फ़ुटबॉल खेलनेवाली स्पेन की टीम पहले, ऊरुग्वे दूसरे, सउदी अरब तीसरे और केप वेर्दे चौथे नंबर की टीम बन गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं