स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को रोमांच से भरे मुकाबले में 2-1 से हराया. स्पेन ने साल 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है. सेमीफाइनल में स्पेन का सामना पिछले वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय करने वाली फ्रांस की टीम से होगा. इस मुकाबले में एक बार फिर स्पेन के लिए मिकेल मेरिनो ने निर्णायक गोल किया. ऐसे में उन्होंने दो वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए. मिकेल मेरिनो फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सब्स्टीट्यूट के तौर पर नॉकआउट स्टेज के एक से ज़्यादा मैचों में निर्णायक गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बन गए हैं. इसके अलावा मेरिनो पिछले 60 सालों में वर्ल्ड कप नॉक-आउट मैचों में 87वें मिनट के बाद दो मैच जिताने वाले गोल करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए.
मैच की शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रामक खेल दिखाया और बेल्जियम के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया. स्पेन को सफलता मैच के 30वें मिनट में मिली. लमीन यामल के शानदार रन के बाद पेड्रो पोरो ने बॉक्स में लो क्रॉस दिया. बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ ने पहले डैनी ओल्मो का शॉट रोक लिया, लेकिन रिबाउंड पर फैबियन रुइज ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिलाई.
हालांकि, बेल्जियम ने स्पेन की बढ़त को ज्यादा समय तक बरकरार नहीं रहने दिया और मैच के 41वें मिनट में अपना पहला गोल दागा. टिमोथी कास्टेग्ने के शानदार क्रॉस पर चार्ल्स डी केटेलेयर ने बेहतरीन हेडर की मदद से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इस गोल के साथ स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन की लगातार छह क्लीन शीट का सिलसिला भी टूट गया. इसके साथ ही साइमन का वर्ल्ड कप में लगातार 650 मिनट तक बिना गोल खाए रहने का रिकॉर्ड भी समाप्त हो गया.
मैच के 71वें मिनट में बेल्जियम को बड़ा झटका लगा, जब उसके स्टार गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए. यह फीफा वर्ल्ड कप में उनका 21वां मैच था. इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले गोलकीपरों की सूची में जर्मनी के मैनुअल न्यूएर (23 मैच) के बाद दूसरे स्थान पर आ गए हैं. उनकी जगह सब्स्टीट्यूट गोलकीपर सेने लैमेंस को उतारा गया.
मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा था, लेकिन 86वें मिनट में मैदान पर आए स्पेन के मिकेल मेरिनो ने दो मिनट बाद ही टीम के लिए विजयी गोल दागा, जिसके चलते स्पेन ने 2-1 की बढ़त बना ली. मैच का फैसला आखिरी मिनटों में हुआ. 86वें मिनट में मैदान पर आए स्पेन के मिकेल मेरिनो ने दो मिनट बाद ही टीम के लिए विजयी गोल दाग दिया.
पाउ क्यूबार्सी के दूर से लगाए गए शॉट को बेल्जियम के नए गोलकीपर ठीक से नहीं रोक सके. गेंद उनके हाथों से छूट गई और मेरिनो ने बिना गलती किए उसे गोल में तब्दील कर दिया. मेरिनो ने इससे पहले पुर्तगाल के खिलाफ भी आखिरी पलों में गोल करके रोनाल्डो के वर्ल्ड कप के सपने को तोड़ा था.
यह भी पढ़ें: बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची स्पेन, फ्रांस से होगी भिड़ंत
यह भी पढ़ें: स्पेन के लमीन यमाल ने तोड़ा वर्ल्ड कप, 96 सालों के इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे युवा फुटबॉलर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं