विज्ञापन

FIFA World Cup Final: फाइनल से पहले पूर्व स्ट्राइकर ने स्पेन को बताया मेसी को रोकने का प्लान

फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. अर्जेंटीना और स्पेन के बीच हाई-वोल्टेज एक्शन 20 जुलाई को भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (AM) से खेला जाएगा. इस मैच से पहले इंग्लैंड के पूर्व स्ट्राइकर रॉबी फाउलर ने एक बड़ा दावा किया है.

FIFA World Cup Final: फाइनल से पहले पूर्व स्ट्राइकर ने स्पेन को बताया मेसी को रोकने का प्लान
इंग्लैंड के पूर्व स्ट्राइकर रॉबी फाउलर ने बताया मेसी को रोकने का प्लान
IANS

इंग्लैंड के पूर्व स्ट्राइकर रॉबी फाउलर का मानना है कि अर्जेंटीना के खिलाफ फीफा विश्व कप फाइनल में स्पेन का पलड़ा थोड़ा भारी है, लेकिन उन्होंने कहा कि लियोनल मेसी ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले अपने दम पर मुकाबले का नतीजा बदल सकते हैं. फाउलर के अनुसार रोड्री की अगुआई में स्पेन का मिडफील्ड बेहद मजबूत है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. लेकिन पूरे 90 मिनट तक मेसी को रोकना फुटबॉल की सबसे कठिन चुनौतियों में से एक है.'

‘जी5' के एक्सपर्ट पैनल के सदस्य फाउलर ने पत्रकारों से कहा, 'लामिने यमाल फाइनल में अलग खिलाड़ी होंगे. उनका खेल अलग स्तर का होगा. फाइनल में उनका प्रदर्शन और बेहतर होगा.' लिवरपूल के पूर्व स्टार ने कहा, 'कुल मिलाकर स्पेन का पलड़ा थोड़ा भारी है क्योंकि रोड्री ने इस टूर्नामेंट में कमाल का खेल दिखाया है. ऐसे अटैकिंग खिलाड़ी का होना बहुत अच्छी बात है जो मैच में जीत दिला सकता है. आपका डिफेंस मजबूत और व्यवस्थित है. अगर आपका मिडफील्ड मैच को कंट्रोल करता है तो जीतने की संभावना काफी बढ़ जाती है.'

फाउलर ने बताई मेसी से गेम लेने की प्लानिंग

फाउलर ने कहा कि स्पेन की ‘गेंद पर नियंत्रण' आधारित शैली अर्जेंटीना के खतरे को सीमित करने में अहम भूमिका निभा सकती है. उन्होंने कहा, 'यह स्पष्ट है कि स्पेन के पास गेंद अधिक समय तक रहेगी. अगर आप चाहते हैं कि मेसी खेल को कंट्रोल नहीं करें तो उनके पास गेंद ही मत दीजिए. यह कहना आसान है, करना मुश्किल. लेकिन हमने देखा है कि स्पेन किस तरह खेलता है.'

फाउलर ने बताया क्यों पसंद है स्पेन का गेम

फाउलर ने कहा, 'मुझे स्पेन का खेल इसलिए पसंद है क्योंकि वे सिर्फ गेंद अपने पास रखने के लिए नहीं खेलते. उनका उद्देश्य आगे बढ़ना और तेजी से आक्रमण करना होता है. रणनीतिक नजरिए से अभी यही स्पेन की पहचान है.' उन्होंने कहा, 'स्पेन गेंद पर कंट्रोल बनाए रखने की कोशिश करेगा और अर्जेंटीना को गेंद कम से कम देगा. हम सभी जानते हैं कि यह भी एक बेहतरीन डिफेंस रणनीति है.'

'कई कोचों ने की मेसी को रोकने की कोशिश'

फाउलर ने हालांकि स्वीकार किया कि दुनिया की सबसे बेहतरीन रणनीति भी मेसी के खिलाफ हमेशा सफल नहीं होती. उन्होंने कहा, 'हम सब बैठकर यह सोचते हैं कि मेसी को कैसे रोका जाए. लेकिन सच यह है कि आप उन्हें पूरी तरह रोक नहीं सकते क्योंकि वह मेसी हैं और शायद फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी हैं. वर्षों से कई कोच उन्हें रोकने की कोशिश कर चुके हैं लेकिन अधिकांश असफल रहे.'

ये भी पढ़ें-  फीफा वर्ल्ड कप: 96 साल में पहली बार खिलाड़ियों को मिलेगी चैंपियनशिप रिंग, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Football, Robbie Fowler, 2026 FIFA World Cup
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com