किलियान एमबाप्पे एकदम किलर नज़र आ रहे हैं- हर मैच सफ़ाई से फ़िनिश करने को तैयार. अपनी स्पीड और एक्यूरेसी के अलावा फ़्रांस की टीम कमाल की लय में नज़र आ रही है. कई एक्सपर्ट्स टूर्नामेंट की शुरुआत से कह रहे थे कि अगर फ़्रेंच टीम में आपस में लड़ाई नहीं दिखी तो 2018 की चैंपियन टीम ख़िताब की सबसे मज़बूत दावेदार हो सकती है. 2018 में ख़िताब जीतने और 2022 में फ़ाइनल खेलने के बाद फ़्रांस लगातार तीसरा फ़ाइनल खेलने के लिए भी तैयार दिखने लगा है.
स्वीडन को 3-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में फ़्रांस
पूर्व वर्ल्ड चैंपियन फ़्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर दिखा दिया कि क्यों उसे वर्ल्ड कप 2026 के सबसे मज़बूत दावेदारों में एक माना जा रहा है. फ़्रांस की ओर से कप्तान किलियान एमबापे ने 2 गोल किये और इसके साथ उन्होंने इस वर्ल्ड कप में लियोनेल मेसी के 6 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. एमबापे के नाम वर्ल्ड कप में 18 गोल हो गए हैं जबकि मेस्सी के नाम सबसे ज़्यादा 19 गोल का रिकॉर्ड है. फ़्रांस की ओर से तीसरा गोल ब्रैडलि बारकोले के नाम रहा.
मरियाना ट्रेंज जैसा डेप्थ- फ़ायरब्रांड फ़ॉरवर्ड लाइन
नॉकआउट सहित चार मैचों में फ़्रांस ने अबतक 13 गोल किये हैं. किलियान एमबापे के अलावा फ़्रांस के लिए ब्रैडलि बारकोला, उस्मान डेम्बेले और माहो ड्वे जैसे खिलाड़ी गोल कर कप्तान एमबापे पर गोल करने का दबाव नहीं बढ़ने दे रहे. फ़्रांस की फ़ायरब्रांड फ़ॉरवर्ड लाइन के अलावा प्लेमेकर माइकल ओलीज़ टीम की ताक़त बन गए हैं.
फ़्रेंच स्कावॉड में एक साथ इतने सारे शानदार खिलाड़ी हैं कि इसकी तुलना ‘मरियाना ट्रेंच डीप' से की जाती है जहां अटैकिंग फॉरवर्ड, शातिर प्लेमेकर, तगड़ा डिफेंस और उम्दा गोलकीपर भी हैं. कोच डिडिएर डुशाम्प की तरकश में बारकोला, राएन चेक्री, मार्कस थुर्रम, ओरेलियन चाउमेनि और वारेन ज़हीर एमेरि जैसे एक से बढ़कर एक तीर और माइक मानयान जैसा उम्दा गोलकीपर इस टीम को दमदार साबित करते हैं. राउंड ऑफ़ 16 में अब फ़्रांस की टक्कर पराग्वे से 4 जुलाई को फ़िलाडेल्फ़िया में होगी. जहां फ़्रांस का पलड़ा ही भारी माना जा रहा है.
ब्राज़ील, स्पेन, अर्जेन्टीना, इंग्लैंड, नॉर्वे पर भी मज़बूत दावेदारी
पांच बार की चैंपियन ब्राज़ील के ख़िलाफ़ जापान ने पहले 45 मिनट में उन्हें पानी पिलाये रखा. नेयमार जूनियर का पूरी तरह फ़िट नहीं होना ब्राज़ील की मुश्किलें बढ़ा सकता है. अर्जेन्टीना अपने कप्तान मेसी पर कुछ ज़्यादा ही आश्रित लग रही है. इंग्लैंड और नॉर्वे जैसी टीमें भी इस रेस में मज़बूत होती दिख रही हैं. पर फ़्रांस इन सबमें सबसे ज़्यादा कम्प्लीट नज़र आ रही है. क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम में ग्रुप स्टेज में ही कई कमियां नज़र आईं हैं. रोनाल्डो के ख़िताब का सपना कहीं सपना बनकर ही ना रह जाए?
यह भी पढ़ें: मैक्सिको के गिल्बर्टो मोरा ने 17 साल की उम्र में रचा इतिहास, इस मामले में सिर्फ पेले से पीछे
यह भी पढ़ें: IND vs ENG 1st T20I: इंग्लैंड के खिलाफ T20I में भारत का पलड़ा है भारी, ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं