Jharkhand JSSC CGL Exam: झारखंड लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद अब राज्य की तमाम परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया गया है. इसमें 2024 में हुई JSSC CGL परीक्षा भी शामिल है, जिसमें करीब दो हजार अभ्यर्थी पास हुए थे और उन्हें नौकरी भी मिल चुकी थी. रांची में प्रदर्शन करने वाले छात्रों की मांग को मानते हुए इस भर्ती परीक्षा को रद्द किया गया है, लेकिन अब वो तमाम अभ्यर्थी सामने आ रहे हैं, जिन्होंने इस परीक्षा को क्रैक किया था और कुछ ही महीने पहले उन्हें सरकारी नौकरी मिली थी. कैमरे के सामने रोते-बिलखते इन युवाओं का कहना है कि हमारे साथ अन्याय हो रहा है.
'हम लोग मर जाएंगे'...
JSSC CGL परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार, परीक्षा रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ प्रोजेक्ट भवन में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं. इनमें से एक उम्मीदवार ने कहा, "हम लोग हर तरह के जांच के लिए तैयार हैं. आप जांच कीजिए, जो गलत है, उस पर कार्रवाई कीजिए लेकिन कुछ लोगों के लिए हमारे साथ ऐसा अन्याय मत कीजिए. मैं जांच करवाने के लिए तैयार हूं. आप जो बोलिएगा, मैं अपने सारे दस्तावेज लेकर आया हूं. आप CBI जांच कीजिए, आपको जो करना है, वो कीजिए मगर हमारे साथ ऐसा अन्याय मत कीजिए. हम लोग मर जाएंगे."
#WATCH रांची, झारखंड। JSSC CGL परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार, परीक्षा रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ प्रोजेक्ट भवन में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 17, 2026
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम लोग हर तरह के जांच के लिए तैयार हैं। आप जांच कीजिए, जो गलत है, उस पर कार्रवाई कीजिए लेकिन… pic.twitter.com/bCs9xysdQp
एक झटके में हुए बेरोजगार
रांची में परीक्षा रद्द कराने को लेकर सड़कों पर उतरे छात्रों के चेहरे पर खुशी दिख रही है और वो जमकर अपनी जीत का जश्न मना रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ अब नया मोर्चा खुलने को तैयार है. 2024 में JSSC CGL परीक्षा में शामिल होकर एग्जाम पास करने वाले उम्मीदवार सरकार के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका कहना है कि इस पूरे मामले में उनका क्या कसूर है, उन्होंने अपनी मेहनत से परीक्षा निकाली थी और सरकारी नौकरी भी हासिल कर ली थी, लेकिन सरकार ने एक झटके में उन्हें बेरोजगार कर दिया और अब वो सड़क पर आ गए हैं.
सरकार से क्या मांग कर रहे हैं पास होने वाले उम्मीदवार?
झारखंड में सरकारी नौकरी छिनने के बाद अब ये हजारों अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए. उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि सरकार किस बात से डर रही है, इस परीक्षा में किन लोगों के नाम आए हैं, जो डर के मारे पूरा एग्जाम ही कैंसिल कर दिया गया है. उनका कहना है कि जब तक इस फैसले को वापस नहीं लिया जाता है, वो प्रदर्शन करते रहेंगे.
ये भी पढ़ें - दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के साथ मारपीट! आरोपी PhD स्कॉलर निलंबित, टीचर्स की सुरक्षा पर उठे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं