- फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में लगी भीषण जंगल की आग ने खोला 80 साल पुराना रहस्य
- बोर्डो के पास स्थित गांव में आग बुझने के बाद जमीन से दूसरे विश्व युद्ध के समय के सैकड़ों गोले-हथियार मिलने लगे
- इलाके से अब तक करीब 400 गोले और दूसरे तरह के हथियार बरामद किए जा चुके हैं
फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में लगी भीषण जंगल की आग ने एक ऐसा रहस्य उजागर कर दिया, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. बोर्डो के पास स्थित ले पोर्ज गांव में आग बुझने के बाद जमीन से दूसरे विश्व युद्ध के समय के सैकड़ों गोले और हथियार मिलने लगे. इन खतरनाक हथियारों को हटाने में कई दिन लग गए, जिसके बाद सोमवार को गांव के सभी लोग अपने घर लौट सके.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग से 180 से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं. इसी इलाके से अब तक करीब 400 गोले और दूसरे तरह के हथियार बरामद किए जा चुके हैं. जब जंगल में आग लगी थी, तब इलाके में कई जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनाई दी थीं. शुरुआत में लोगों को लगा था कि शायद गैस सिलेंडर फट रहे हैं, लेकिन दमकल अधिकारियों का कहना है कि ये धमाके जमीन में दबे पुराने युद्धक गोलों के फटने से भी हो सकते हैं.
जंगल की आज के चपेट में आया फ्रांस
फ्रांस में इस गर्मी की शुरुआत से ही कई जगह जंगलों में आग लग चुकी है, लेकिन बोर्डो इलाके की आग सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हुई. साल 1949 के बाद यह इस क्षेत्र की सबसे बड़ी आग मानी जा रही है. करीब 10 दिनों तक भड़की इस आग ने 40 हजार हेक्टेयर (करीब 99 हजार एकड़) से ज्यादा इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि बोर्डो के मशहूर अंगूर के बाग और वाइन बनाने वाले बड़े इलाके इस आग से बच गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं