विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा विश्व कप में कमाई करने का कोई मौका नहीं गंवा रही है और अब उसने उस पिच के टुकड़ों को बेचने का फैसला भी किया है जहां इस टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा. फीफा पहले ही विश्व कप के टिकट और अन्य चीजों को ऊंची कीमतों पर बेचने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है और अब वह न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में 19 जुलाई को होने वाले फाइनल में इस्तेमाल होने वाली पिच के प्रत्येक टुकड़े को 450 डॉलर (लगभग 43000 रुपये) की दर से बेच रहा है.
फीफा के स्टोर के अनुसार प्रत्येक टुकड़े का आकार 17.5 गुणा 17.5 गुणा 17.5 है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह आंकड़ा इंच, सेंटीमीटर या मिलीमीटर में है. फुटबॉल के शासी निकाय ने यह जानने के लिए भेजे गए ईमेल का तुरंत जवाब नहीं दिया.
फीफा की वेबसाइट पर लिखा गयाा है,"फुटबॉल इतिहास के एक प्रामाणिक हिस्से को अपने पास संजोकर रखें, जो फीफा विश्व कप 2026 के (फाइनल की) पिच का एक टुकड़ा है."
मैदान के यह टुकड़े हालांकि अमेरिका और यूरोप के पतों पर ही भेजे जाएंगे. फुटबॉल प्रेमी अभी से इसके लिए ऑर्डर कर सकते हैं और फाइनल के बाद उन्हें यह टुकड़े भेजे जाएंगे. फीफा फाइनल के लिए सामान्य टिकट 32,970 डॉलर तक में बेच रहा है. उन टिकटों की कीमत 34,500 डॉलर रखी गई है, जिनके साथ भोजन और पेय पदार्थों की सुविधा भी उपलब्ध है.
फाइनल के लिए 1200 टिकट कराए उपलब्ध
फीफा ने शुक्रवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में 19 जुलाई को होने वाले विश्व कप फाइनल के लिए दो श्रेणी (कैटेगरी-2) के लगभग 1,200 टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध कराए. इन टिकटों की कीमत 7,380 अमेरिकी डॉलर प्रति टिकट रखी गई है.
फीफा की अंतिम समय की टिकट बिक्री वेबसाइट पर कुछ समय पहले तक इस मुकाबले के टिकट ‘सोल्ड आउट' (बिके हुए) दिखाए जा रहे थे. लेकिन इस पर कुल 1,178 सीटें उपलब्ध थीं. ये सीटें स्टेडियम के ऊपरी हिस्से में पांच सेक्शन में थीं.
फीफा निचले हिस्से में श्रेणी एक (कैटेगरी-1) के 68 प्रीमियम टिकट भी बेच रहा था जिनकी कीमत 19,995 डॉलर से 32,970 डॉलर के बीच थी. इसके अलावा ट्रॉफी लाउंज और ट्रॉफी लाउंज प्लस हॉस्पिटैलिटी पैकेज के टिकट भी उपलब्ध थे जिनकी कीमत क्रमशः 34,500 डॉलर और 32,500 डॉलर थी. इन पैकेज में भोजन और पेय भी शामिल हैं.
विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था ने यह स्पष्ट नहीं किया कि अतिरिक्त टिकट अचानक बिक्री के लिए कैसे उपलब्ध हुए. इस संबंध में पूछे गए सवाल का फीफा ने तत्काल कोई जवाब नहीं दिया.
अमेरिका-मैक्सिको बाहर, गिरे टिकटों के दाम
सह मेजबान अमेरिका और मैक्सिको के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मैचों के लिए टिकटों की कीमतों में गिरावट आई है. टिकपिक वेबसाइट ने कैलिफोर्निया के इंगलवुड में शुक्रवार को स्पेन और बेल्जियम के बीच खेले गए मैच के लिए टिकटों की सबसे कम कीमत 1,381 डॉलर बताईय अंतिम 16 के मैच में बेल्जियम से अमेरिका की हार से पहले इनकी कीमत 3,261 डॉलर थी.
इंग्लैंड और नॉर्वे के बीच शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में होने वाले मैच के लिए सबसे कम टिकट की कीमत 2,049 डॉलर हो गई है. इंग्लैंड की मैक्सिको पर जीत से पहले यह कीमत 3,866 डॉलर थी. इसी तरह कनसास सिटी में अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले मैच के लिए सबसे कम टिकट की कीमत 1,142 डॉलर तक गिर गई है जो इससे पहले 2,381 डॉलर थी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं स्पेन के मिकेल मेरिनो? पहले रोनाल्डो फिर केविन डी ब्रुइन का तोड़ा वर्ल्ड कप का सपना
यह भी पढ़ें: कौन हैं स्पेन के मिकेल मेरिनो? पहले रोनाल्डो फिर केविन डी ब्रुइन का तोड़ा वर्ल्ड कप का सपना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं